Trump administration's new order : H-1B और H-4 वीजा आवेदकों की सोशल मीडिया जांच शुरू
India News Live,Digital Desk : अमेरिका में H-1B और H-4 वीजा आवेदकों के लिए नए नियम लागू हो गए हैं। सोमवार से अमेरिकी प्रशासन ने H-1B वीजा और उनके आश्रित H-4 वीजा धारकों की ऑनलाइन उपस्थिति और सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच शुरू कर दी है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अमेरिका आने वाले लोग राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा न बनें।
क्या है नया आदेश?
अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार:
सभी H-1B और H-4 वीजा आवेदकों की सोशल मीडिया प्रोफाइल देखी जाएगी।
आवेदकों और उनके आश्रितों को अपनी प्रोफाइल प्राइवेट से सार्वजनिक करने का निर्देश दिया गया है।
पहले इस समीक्षा का दायरा केवल स्टूडेंट वीजा (F, M, J) और एक्सचेंज विज़िटर पर था। अब इसमें पेशेवर वीजा धारक भी शामिल हैं।
विदेश विभाग ने कहा है कि वीजा लेना कोई अधिकार नहीं है, बल्कि विशेष अनुमति है। इसलिए आवेदन से पहले पूरी तरह छानबीन करना बेहद जरूरी है।
भारतियों पर असर
H-1B वीजा धारकों में करीब 70% भारतीय पेशेवर हैं। वित्त वर्ष 2024 में भारत को लगभग 80,500 नए H-1B वीजा मिले। इसलिए इस नए आदेश से सबसे ज्यादा भारतीय पेशेवर प्रभावित होंगे।
साल सितंबर में ट्रंप प्रशासन ने H-1B वीजा की फीस बढ़ाकर 1 लाख डॉलर कर दी थी। अब सोशल मीडिया जांच और ऑनलाइन उपस्थिति की समीक्षा से वीजा प्रक्रिया और सख्त हो जाएगी।
भविष्य में और बदलाव
अमेरिका एक नया प्रस्ताव भी तैयार कर रहा है। इसके तहत टूरिस्ट और बिजनेस वीजा धारकों से पिछले 5 साल की सोशल मीडिया जानकारी मांगी जा सकती है। इसका असर उन देशों के नागरिकों पर भी पड़ेगा जो अब तक वीजा-फ्री यात्रा कर सकते थे, जैसे यूके, जर्मनी, फ्रांस, जापान और ऑस्ट्रेलिया।