5-स्टार रेटिंग और सनरूफ के साथ आने वाली ये कारें बनीं सेफ्टी और स्टाइल की पहली पसंद
India News Live,Digital Desk : भारतीय बाजार में कई ऐसी कारें हैं, जो बेहतर सेफ्टी फीचर्स के साथ आती हैं। इन गाड़ियों को क्रैश टेस्ट में Bharat NCAP या Global NCAP से 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग भी मिली है। इसके साथ ही इन गाड़ियों में सनरूफ या स्काईरूफ का फीचर भी मिला है। इन कारों की लिस्ट में टाटा, महिंद्रा और किआ के बेहतरीन मॉडल शामिल हैं।
टाटा नेक्सन
टाटा नेक्सन में इलेक्ट्रिक सनरूफ दिया गया है। यह कार बेहतर सेफ्टी फीचर्स से लैस है। ग्लोबल NCAP की ओर से क्रैश टेस्ट में टाटा की इस कार को 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। 5-सीटर वाली इस कार में लोगों की सुरक्षा के लिए 6 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम भी शामिल है। इस कार में ब्लाइंड व्यू मॉनिटर और रिवर्स पार्किंग कैमरा की सुविधा भी दी गई है।
टाटा नेक्सन 52 वेरिएंट में उपलब्ध है। यह छह कलर ऑप्शन में उपलब्ध है। टाटा की इस कार में 26.03 सेमी फ्लोटिंग इंफोटेनमेंट सिस्टम है। कार में वायरलेस चार्जिंग फीचर भी है। नेक्सन तीन पावरट्रेन ऑप्शन- पेट्रोल, डीजल और सीएनजी में उपलब्ध है। टाटा नेक्सन की एक्स-शोरूम कीमत 7,99,990 रुपये से शुरू होती है।
किआ सिरोस
किआ सिरोस ब्रांड की पहली कार है जिसे क्रैश टेस्ट में भारत एनसीएपी से 5-स्टार सुरक्षा रेटिंग मिली है। इस किआ कार को वयस्क यात्री सुरक्षा और बाल यात्री सुरक्षा दोनों के लिए 5-स्टार रेटिंग मिली है। इस किआ कार में 6 एयरबैग और सभी यात्रियों के लिए रिमाइंडर के साथ 3-पॉइंट सीट बेल्ट हैं।
किआ सिरोस में डुअल-पैन पैनोरमिक सनरूफ है। कार में 360-डिग्री कैमरा और लेन कीप असिस्ट फीचर भी है। कार पेट्रोल और डीजल दोनों पावरट्रेन विकल्पों के साथ आती है। कार में आठ रंग विकल्प भी हैं। किआ सिरोस की एक्स-शोरूम कीमत 8,99,900 रुपये से शुरू होती है।
महिंद्रा XUV 3XO
महिंद्रा XUV 3XO भी 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग वाली कार है। इस कार को एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन और चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन दोनों में 5-स्टार रेटिंग मिली है। इस कार में डुअल जोन क्लाइमेट कंट्रोल का फीचर भी है। कार में ऑटो होल्ड के साथ इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक भी है।
महिंद्रा XUV 3XO 16 कलर ऑप्शन में उपलब्ध है। महिंद्रा की यह कार तीन इंजन ऑप्शन के साथ आती है। इस कार में ट्विन एचडी इंफोटेनमेंट और पूरी तरह से डिजिटल क्लस्टर है। महिंद्रा XUV 3XO की एक्स-शोरूम कीमत 7.99 लाख रुपये से शुरू होती है।