पेरिस लूव्र म्यूजियम में 10 करोड़ डॉलर की चोरी, ‘धूम’ जैसी फिल्मी घटना
- by Priyanka Tiwari
- 2025-10-22 17:38:00
India News Live,Digital Desk : पेरिस की मशहूर लूव्र म्यूजियम में रविवार को एक दिल दहला देने वाली चोरी हुई। चोरों ने सिर्फ सात मिनट में म्यूजियम के कीमती शाही आभूषण चुराकर फरार हो गए। चोरी के बाद म्यूजियम को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया था, लेकिन अब इसे फिर से खोल दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, गिरोह ने म्यूजियम के अंदर चार मिनट से भी कम समय बिताया। चोरों ने सीन नदी की ओर मुख वाले एक मालवाहक लिफ्ट का इस्तेमाल करके खिड़की तोड़ी और दो बक्से खोलकर अनमोल आभूषण ले गए।
चोरी के समय अलार्म बजा, और म्यूजियम के सुरक्षा एजेंट मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चोर स्कूटरों पर सवार होकर फरार हो चुके थे।
पेरिस पुलिस मुख्यालय के पास हुई चोरी
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, चोरी का यह मामला पेरिस पुलिस मुख्यालय से सिर्फ 800 मीटर की दूरी पर हुआ। घटना के प्रत्यक्षदर्शी समीर ने बताया कि उसने देखा कि दो लोग होइस्ट पर चढ़ते हुए खिड़की तोड़कर अंदर घुसे। उन्होंने यह भी बताया कि चार लोग स्कूटर पर भागते हुए दिखाई दिए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सोशल मीडिया पर ‘धूम’ जैसी चर्चाएं
जैसे ही चोरी की खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर एक एआई-जनरेटेड वीडियो वायरल हुआ, जिसमें चोरी को बिल्कुल फिल्मी अंदाज में दिखाया गया। कई यूजर्स ने इसे बॉलीवुड फिल्म ‘धूम 2’ से तुलना दी।
एक यूजर ने लिखा कि लूव्र म्यूजियम की चोरी, धूम 2 जैसी ही लगती है। दूसरे ने कहा कि चोरी के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी अपराधी पकड़े नहीं गए और न ही लूटे गए आभूषण बरामद हुए।
एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “अगर धूम 2 का आर्यन असली होता, तो वह दिन के उजाले में लूव्र म्यूजियम को पूरी तरह लूट लेता।”
इस घटना ने साबित कर दिया कि कभी-कभी फिल्मी कहानी और हकीकत के बीच की दूरी बेहद कम होती है।