बारिश ने रोका तीसरे दिन का खेल, बुमराह की घातक गेंदबाज़ी से इंग्लैंड ढेर, भारत को 96 रन की बढ़त
India News Live,Digital Desk : भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल बारिश की वजह से तय समय से पहले खत्म करना पड़ा। हालांकि, दिन के सीमित खेल में भी जसप्रीत बुमराह ने अपनी गेंदबाज़ी से खासा असर डाला। उन्होंने इंग्लैंड की पहली पारी 465 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई और पांच विकेट चटकाकर भारत की वापसी में बड़ी भूमिका निभाई।
तीसरे दिन की शुरुआत इंग्लैंड ने तीन विकेट पर की थी। ओली पोप 100 रन और हैरी ब्रूक बिना खाता खोले क्रीज पर थे। लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने भारत को जल्दी सफलता दिलाई और ओली पोप को मात्र 106 के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। इसके बाद कप्तान बेन स्टोक्स भी ज्यादा देर तक नहीं टिक सके और 20 रन बनाकर मोहम्मद सिराज की गेंद पर पवेलियन लौट गए।
हालांकि हैरी ब्रूक और जेमी स्मिथ ने मिलकर 73 रनों की साझेदारी कर इंग्लैंड की पारी को संभालने की कोशिश की। ब्रूक को दो जीवनदान मिले लेकिन वह अपने शतक से चूक गए और 99 रन पर आउट हो गए। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने शार्दुल ठाकुर के हाथों कैच करवाया।
इसके बाद वोक्स और कार्से ने भी उपयोगी अर्धशतकीय साझेदारी की। वोक्स 38 रन बनाकर बुमराह के शिकार बने। बुमराह ने अंत में टंग को आउट कर अपना पांचवां विकेट पूरा किया। प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन और सिराज ने दो विकेट लिए।
भारत को इंग्लैंड की पहली पारी के बाद 6 रन की मामूली बढ़त मिली। दूसरी पारी में भारत ने दिन के खेल तक दो विकेट गंवा दिए थे। यशस्वी जायसवाल 4 रन बनाकर आउट हुए और साई सुदर्शन ने 30 रन की पारी खेली। उन्हें एक बार फिर बेन स्टोक्स ने आउट किया। दिन का खेल बारिश की वजह से जल्दी खत्म हुआ और केएल राहुल 47 रन और शुभमन गिल 6 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत की कुल बढ़त अब 96 रन हो चुकी है।