BREAKING:
September 03 2026 06:17 pm

बुमराह के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका, इंग्लैंड में शुरू हो रही बड़ी जंग

Post

India News Live, Digital Desk: भारत और इंग्लैंड के बीच 20 जून से टेस्ट सीरीज की शुरुआत हो रही है, जिसके पहले मैच में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के पास इतिहास रचने का मौका होगा। दोनों देशों के बीच पहला टेस्ट लीड्स में खेला जाएगा, जिसमें जसप्रीत बुमराह अपना दूसरा विकेट लेने के साथ ही पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज वसीम अकरम का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।

सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले एशियाई गेंदबाज बन जाएंगे

वसीम अकरम ने SENA (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में 146 विकेट लिए हैं। इस मामले में जसप्रीत बुमराह (145 विकेट) अकरम से बस एक कदम पीछे हैं। बुमराह अगर इस सीरीज में दो विकेट ले लेते हैं, तो वह SENA देशों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले एशियाई गेंदबाज बन जाएंगे। दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया की पिचें तेज गेंदबाजों के लिए मुश्किल मानी जाती हैं, जहां विकेट लेना आसान नहीं होता। जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड में अब तक कुल नौ मैच खेले हैं, जिनकी 17 पारियों में उन्होंने 37 विकेट लिए हैं।

इसके अलावा बुमराह ने साउथ अफ्रीका में 8 टेस्ट खेले, जिसमें उन्होंने 38 विकेट लिए, जबकि न्यूजीलैंड में उन्होंने दो टेस्ट खेलकर 6 विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया में बुमराह के टेस्ट प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने यहां 12 टेस्ट खेले, जिसमें उन्होंने 64 विकेट लिए।

जसप्रीत बुमराह के ओवरऑल टेस्ट करियर पर नजर डालें तो दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने जनवरी 2018 से अब तक 45 टेस्ट खेले हैं, जिसमें उन्होंने 86 पारियों में 205 विकेट लिए हैं। इस दौरान बुमराह ने 13 बार पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं।

सभी की निगाहें इस टेस्ट सीरीज पर हैं।

युवा शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया इंग्लिश धरती पर टेस्ट सीरीज जीतने के सूखे को खत्म करने के इरादे से इंग्लैंड में उतरने जा रही है। इससे पहले 2007 में राहुल द्रविड़ की कप्तानी में भारत ने यहां टेस्ट सीरीज जीती थी। इसके बाद भारतीय टीम ने चार बार इंग्लैंड का दौरा किया, लेकिन टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी। फिलहाल इस टेस्ट सीरीज पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी पर सबकी निगाहें रहेंगी।