पाकिस्तान पर 'कंगाली में आटा गीला', कर्ज वसूली के बाद UAE ने निकाला 'देश निकाला' का फरमान
India News Live,Digital Desk : संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और पाकिस्तान के बीच कूटनीतिक कड़वाहट अब एक नए स्तर पर पहुँच गई है। पहले 3 अरब डॉलर का भारी-भरकम कर्ज वापस मांगकर पाकिस्तान की कमर तोड़ने वाले UAE ने अब एक और बड़ा 'झटका' दिया है। खबर है कि UAE की दिग्गज विमानन कंपनी एतिहाद एयरवेज (Etihad Airways) ने पाकिस्तान के 15 वरिष्ठ कर्मचारियों को बिना किसी नोटिस के तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है।
इमिग्रेशन ऑफिस बुलाकर सुनाया 'डेथ वारंट', 48 घंटे की मोहलत
सीएनएन न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, यह कार्रवाई इतनी अचानक और क्रूर थी कि कर्मचारियों को संभलने का मौका तक नहीं दिया गया। इन 15 पाकिस्तानी कर्मचारियों को सीधे इमिग्रेशन ऑफिस बुलाया गया और वहां उनके हाथ में टर्मिनेशन लेटर थमाते हुए आदेश दिया गया कि वे अगले 48 घंटे के भीतर सपरिवार देश छोड़ दें। दिलचस्प बात यह है कि इनमें से कुछ कर्मचारी पिछले 20 सालों से एतिहाद के साथ काम कर रहे थे।
बिना नोटिस और बिना प्रक्रिया के कार्रवाई: आखिर माजरा क्या है?
आमतौर पर किसी भी एयरलाइन में छंटनी (Layoffs) एक औपचारिक प्रक्रिया होती है, लेकिन यहाँ जिस तरह से देश छोड़ने का फरमान सुनाया गया है, वह कूटनीतिक जानकारों को चौंका रहा है। एतिहाद एयरवेज ने अब तक इस पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया है। जानकारों का मानना है कि यह केवल एक 'कॉर्पोरेट निर्णय' नहीं है, बल्कि इसके पीछे पाकिस्तान और यूएई के बीच गहराता तनाव है।
सऊदी-तुर्की की दोस्ती और इजरायल से दूरी पड़ी भारी?
पाकिस्तान और UAE के बीच दरार की असल वजह बदली हुई भू-राजनीति मानी जा रही है। पाकिस्तान इन दिनों तुर्की और सऊदी अरब के साथ अपनी नजदीकियां बढ़ा रहा है, जबकि UAE का झुकाव तेजी से इजरायल की ओर बढ़ा है। माना जा रहा है कि पाकिस्तान की 'दोहरी नीति' से नाराज होकर UAE ने अपना कर्ज वापस मांगना शुरू कर दिया है और अब पाकिस्तानी नागरिकों पर इस तरह की सख्त कार्रवाई की जा रही है।
एक तरफ मोदी का यूएई दौरा, दूसरी तरफ पाक की विदाई!
जहां एक तरफ पाकिस्तान को UAE से धक्के मिल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ भारत के साथ UAE के रिश्ते नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। अगले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली दौरे के बीच उनके UAE जाने की भी संभावना है। 15-16 मई को नॉर्वे में होने वाले भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन के साथ ही मोदी का संक्षिप्त UAE दौरा पाकिस्तान के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा साबित हो सकता है।