काशी में पहली बारिश ने खोली विकास की पोल, अजय राय का सरकार पर निशाना
- by Priyanka Tiwari
- 2025-07-02 12:12:00
India News Live,Digital Desk : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पहली बारिश के बाद वाराणसी की स्थिति को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि काशी में हल्की सी बारिश ने ही सरकार के तमाम दावों की पोल खोल दी है। सड़कों पर पानी भर गया, कीचड़ और फिसलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, जिससे साफ है कि सरकार का 'विकास मॉडल' सिर्फ दिखावा है।
अजय राय ने कहा कि सरकार ने काशी को एक प्रयोगशाला बना दिया है, जहां योजनाएं बिना सोच-समझ के लागू की जा रही हैं। रोपवे परियोजना को लेकर उन्होंने कहा कि गिरजाघर से लेकर गोदौलिया तक के इलाके में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। स्थानीय दुकानदारों का व्यवसाय ठप पड़ गया है। उनके अनुसार, रोपवे वास्तव में 'लूटवे' योजना बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि जब काशी की सड़कों पर पानी बह रहा हो, जगह-जगह गड्ढे हो जाएं, सड़कों का धंसना आम बात बन जाए, तो इसे किसी भी तरह से विकास नहीं कहा जा सकता। काशी, जो भारत की सांस्कृतिक राजधानी मानी जाती है, आज अव्यवस्था के गर्त में जा रही है।
अजय राय ने सरकार से मांग की कि काशी को प्रयोगशाला न बनाया जाए। सीवर, ड्रेनेज और जलनिकासी की पुख्ता व्यवस्था होनी चाहिए थी, लेकिन सरकार को सिर्फ अपनी मार्केटिंग और योजनाओं का प्रचार करने में रुचि है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जिम्मेदारी नहीं ली, तो जनता इसका जवाब जरूर देगी।