संजू सैमसन का तूफानी शतक, एशिया कप से पहले टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ीं
India News Live,Digital Desk : संजू सैमसन ने रविवार को केरल प्रीमियर लीग में धमाकेदार शतक जड़ा। उन्होंने 42 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। कोच्चि ब्लू टाइगर्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 51 गेंदों में 121 रनों की शानदार पारी खेली, जिसकी बदौलत उनकी टीम ने 237 रनों का विशाल लक्ष्य हासिल किया और 4 विकेट से जीत हासिल की। एशिया कप से पहले संजू सैमसन की यह फॉर्म अच्छी खबर है, लेकिन इसने टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव की टेंशन ज़रूर बढ़ा दी होगी।
कोच्चि ब्लू टाइगर्स के सामने जीत के लिए 237 रनों का लक्ष्य था। संजू सैमसन ओपनिंग करने आए। उन्होंने आते ही शानदार बल्लेबाजी शुरू कर दी। संजू ने पहले 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर 42 गेंदों में शतक जड़ दिया। सैमसन ने 51 गेंदों में 121 रनों की पारी में 7 छक्के और 14 चौके लगाए।
इसके बाद मुहम्मद आशिक ने 18 गेंदों में 45 रनों की नाबाद पारी खेलकर सैमसन की पारी को बेकार नहीं जाने दिया। इस पारी में मुहम्मद ने 5 छक्के और 3 चौके लगाए। कोच्चि ने यह मैच आखिरी गेंद पर जीत लिया। इससे पहले, एरीज़ कोल्लम सेलर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 236 रन बनाए। विष्णु विनोद ने 41 गेंदों में 94 रनों की आक्रामक पारी खेली और कप्तान सचिन बेबी ने 44 गेंदों में 91 रनों की अच्छी पारी खेली।
संजू सैमसन के शतक ने एशिया कप से पहले बढ़ाई टेंशन
क्रिकेट एशिया कप 9 सितंबर से यूएई में शुरू होगा। संजू सैमसन को भारतीय टीम में शामिल किया गया है, उनके साथ जितेश शर्मा दूसरे विकेटकीपर हैं। संजू सैमसन को प्लेइंग 11 का हिस्सा बनाया जाना लगभग तय है, लेकिन उनकी बल्लेबाजी पोजीशन पर सवाल है। दरअसल सैमसन लंबे समय से अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करते आ रहे हैं, लेकिन उस समय शुभमन गिल नहीं खेल रहे थे।
टीम की घोषणा के समय मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा था कि जब गिल नहीं खेल रहे थे तब संजू सैमसन ओपनिंग कर रहे थे, अब गिल की वापसी हो गई है। शुभमन गिल को एशिया कप में टीम इंडिया का उप-कप्तान चुना गया है, ऐसे में उनका अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करना लगभग तय है। वैसे, संजू सैमसन ने केरल प्रीमियर लीग में बतौर ओपनर तूफानी शतक लगाकर ओपनिंग पोज़िशन के लिए अपना दावा भी ठोक दिया है।
संजू सैमसन छठे नंबर पर फ्लॉप
पिछले मैच में संजू सैमसन छठे नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन वह फ्लॉप रहे थे, वह 22 गेंदों में 13 रन ही बना सके थे। लेकिन रविवार को खेले गए मैच में उन्होंने 51 गेंदों में 121 रनों की शानदार पारी खेली। संजू लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ओपनिंग कर रहे हैं, उन्होंने पिछली 10 पारियों में से 3 में शतक जड़े हैं। अब उनके इस शतक ने कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव की टेंशन ज़रूर बढ़ा दी होगी कि उन्हें किस पोज़िशन पर खेलना चाहिए।