अमेरिका में बढ़ा टैरिफ विवाद, ट्रंप ने खुद किया अपनी नीति का बचाव
India News Live,Digital Desk : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपनी टैरिफ नीति को लेकर सुर्खियों में हैं।
दुनिया के कई देशों पर भारी टैरिफ लगाने के फैसले के बाद जहां विरोध के सुर अमेरिका के अंदर भी तेज हो गए हैं, वहीं ट्रंप ने अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया है।
ट्रंप का बयान – “जो टैरिफ का विरोध करे, वो मूर्ख है”
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा,
“जो लोग टैरिफ के खिलाफ हैं, वे मूर्ख हैं!”
उन्होंने दावा किया कि टैरिफ नीति की वजह से आज अमेरिका दुनिया का सबसे अमीर और सम्मानित देश बन चुका है, जहां महंगाई बेहद कम है और स्टॉक मार्केट रिकॉर्ड ऊंचाई पर है।
ट्रंप के मुताबिक, “401k (रिटायरमेंट सेविंग्स) अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर हैं।”
“हर अमेरिकी को मिलेगा 2,000 डॉलर का लाभ”
अपने पोस्ट में ट्रंप ने आगे कहा कि टैरिफ से अमेरिका को ट्रिलियन डॉलर की कमाई हो रही है।
उनका कहना है कि इस कमाई से देश के हर नागरिक को कम से कम 2,000 डॉलर प्रति व्यक्ति का डिविडेंड मिलेगा।
हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह भुगतान किस तरह किया जाएगा या इसकी प्रक्रिया क्या होगी।
“टैरिफ से घटेगा देश का कर्ज”
ट्रंप ने दावा किया कि टैरिफ से हुई कमाई से अमेरिका जल्द ही अपना $37 ट्रिलियन का राष्ट्रीय कर्ज चुकाना शुरू करेगा।
उन्होंने लिखा कि यह नीति “अमेरिका की आर्थिक मजबूती की नई शुरुआत” है।
“देश में हो रहा रिकॉर्ड निवेश”
ट्रंप ने यह भी कहा कि उनकी नीति के कारण अमेरिका में नए निवेश तेजी से बढ़ रहे हैं।
उनके अनुसार, “हर जगह नए प्लांट और फैक्ट्रियां खुल रही हैं।”
ट्रंप का मानना है कि टैरिफ ने अमेरिका को एक आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और शक्तिशाली देश बना दिया है।