स्वरा भास्कर का फिलिस्तीन समर्थन पोस्ट बना विवाद का कारण, सोशल मीडिया पर उठे सवाल

Post

India News Live,Digital Desk : बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर अक्सर अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में रहती हैं। वह सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर बोलने से पीछे नहीं हटतीं। हालांकि, इसी वजह से उन्हें कई बार सोशल मीडिया पर आलोचना और ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ता है।

हाल ही में स्वरा भास्कर ने एक बार फिर ऐसा बयान दे दिया है, जिसने सोशल मीडिया पर बवाल खड़ा कर दिया। उन्होंने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर फिलिस्तीन के समर्थन में एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लोगों से मुंबई में 18 जून को होने वाली फिलिस्तीन समर्थक रैली में शामिल होने की अपील की। उन्होंने लिखा, "मुंबई.. शो अप फॉर फिलिस्तीन ऑन 18 जून" और साथ में हैशटैग दिया – "फिलिस्तीन में नरसंहार रोको"।

इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर गुस्से की लहर दौड़ गई। कई लोगों ने स्वरा पर तीखे सवाल दागे कि जब जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमला हुआ था, तब उन्होंने कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं दी? यूजर्स का कहना है कि जब अपने ही देश में निर्दोष लोगों पर हमला हुआ, उस वक्त उनकी हमदर्दी नजर क्यों नहीं आई?

एक यूजर ने लिखा, "पहलगाम के लिए तो आपने कुछ नहीं कहा, सिर्फ फिलिस्तीन की चिंता है।"
दूसरे ने तंज कसते हुए कहा, "अगर आपको फिलिस्तीन से इतना लगाव है तो वहीं जाकर बस जाइए।"
एक और यूजर ने लिखा, "आपको बांग्लादेश, पाकिस्तान, सीरिया या भारत में अल्पसंख्यकों की हालत नहीं दिखती, सिर्फ फिलिस्तीन दिखाई देता है?"

स्वरा भास्कर के इस पोस्ट को लेकर लोगों में गहरी नाराजगी है। कई यूजर्स इसे एकतरफा और पक्षपाती मान रहे हैं। उनका कहना है कि किसी भी मानवता की बात करने से पहले अपने देश और वहां के लोगों की पीड़ा को समझना जरूरी है।