ईरान से लौटे भारतीय नागरिकों का गर्मजोशी से स्वागत, ऑपरेशन सिंधु के तहत सफल रेस्क्यू
- by Priyanka Tiwari
- 2025-06-21 02:28:00
India News Live,Digital Desk : ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान में फंसे भारतीयों को लेकर महान एयर की फ्लाइट शुक्रवार रात 11:25 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरी। जैसे ही विमान ने रनवे पर टचडाउन किया, उसमें मौजूद 290 यात्रियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विमान से उतरते ही कई यात्रियों ने ताली बजाई और "भारत माता की जय" के नारों से माहौल गूंजा दिया।
टर्मिनल के बाहर बड़ी तादाद में परिजन अपने अपनों के स्वागत में खड़े थे, जिनकी आंखों में राहत और खुशी दोनों साफ झलक रही थीं।
यह फ्लाइट ईरान की राजधानी तेहरान के इमाम खोमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भारतीय समयानुसार शुक्रवार शाम 6:30 बजे रवाना हुई थी। उड़ान संख्या डब्ल्यू 5071 अफगानिस्तान और पाकिस्तान की हवाई सीमाओं को पार करते हुए सबसे पहले राजस्थान में दाखिल हुई, फिर हरियाणा से होते हुए दिल्ली की हवाई सीमा में पहुंची। एटीसी से अनुमति मिलते ही विमान रात 11:25 बजे दिल्ली में लैंड हुआ।
इससे पहले, ऑपरेशन सिंधु के तहत पहला जत्था आर्मेनिया के रास्ते गुरुवार तड़के भारत लाया गया था। यह दूसरा जत्था है, लेकिन पहली बार कोई विमान सीधे ईरान से भारत आया है। शनिवार को दो और विमान नई दिल्ली पहुंचने वाले हैं, जो बाकी बचे भारतीयों को लेकर आएंगे।