BREAKING:
November 20 2026 06:29 am

बकरीद पर सीएम योगी आदित्यनाथ के कड़े निर्देश: सड़क पर नमाज नहीं, सार्वजनिक स्थल पर कुर्बानी प्रतिबंधित

Post

India News Live,Digital Desk : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी बकरीद और गंगा दशहरा पर्व के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। रविवार को आयोजित एक प्रशासनिक समीक्षा बैठक में सीएम योगी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि राज्य में शांति और व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बकरीद को लेकर प्रशासन के सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री ने बकरीद के अवसर पर सुरक्षा और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए निम्नलिखित दिशा-निर्देश दिए हैं:

सड़क पर नमाज नहीं: नमाज केवल परंपरागत और निर्धारित धार्मिक स्थलों पर ही अदा की जाए। किसी भी स्थिति में सड़क मार्ग को अवरुद्ध कर नमाज करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

सार्वजनिक स्थल पर कुर्बानी प्रतिबंधित: सार्वजनिक स्थलों पर पशुओं की कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी। कुर्बानी केवल पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही की जा सकेगी।

प्रतिबंधित पशुओं पर रोक: प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

नई परंपरा पर रोक: किसी भी नई परंपरा को शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

अपशिष्ट निस्तारण और स्वच्छता: कुर्बानी के बाद अपशिष्ट (Waste) के निस्तारण की सुनियोजित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। खुले में मांस का विक्रय प्रतिबंधित रहेगा और अवैध स्लाटर हाउस किसी भी दशा में संचालित नहीं होने चाहिए।

संवेदनशीलता और सुरक्षा

संवेदनशील जिले: अलीगढ़, बिजनौर, सहारनपुर, रामपुर और संभल जैसे संवेदनशील जिलों के अधिकारियों को बीते वर्षों की घटनाओं का अध्ययन कर अराजक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पीस कमेटी: जिला, तहसील और थाना स्तर पर 'पीस कमेटियों' (शांति समितियों) के साथ नियमित संवाद बनाए रखा जाए।

फ्लैग मार्च और गश्त: संवेदनशील क्षेत्रों में पर्व से पहले फ्लैग मार्च किया जाए और धार्मिक स्थलों के आसपास पुलिस बल द्वारा पैदल गश्त अनिवार्य की जाए।

गंगा दशहरा और अन्य निर्देश

गंगा दशहरा को देखते हुए प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, चित्रकूट, हापुड़, मुजफ्फरनगर और अमरोहा जैसे जिलों में घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, पार्किंग प्रबंधन और एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने अवैध खनन और सड़क सुरक्षा पर कड़ा रुख अपनाते हुए बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने और भू-माफियाओं के विरुद्ध अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि वे बिना किसी दबाव या सिफारिश के निष्पक्ष रूप से कार्य करें और सुनिश्चित करें कि जांच के नाम पर आम नागरिकों का उत्पीड़न न हो।