Strict enforcement of road safety rules : यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, 100वां चालान कटते ही बाइक जब्त

Post

India News Live,Digital Desk : सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्ती का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद यातायात पुलिस ने रविवार को जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 271 वाहनों के चालान किए गए।

इस दौरान एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने सभी को चौंका दिया। एक बाइक चालक का यह 100वां चालान था। इससे पहले उसके 99 चालान हो चुके थे, लेकिन इसके बावजूद वह यातायात नियमों की अनदेखी करता रहा। 100वां चालान कटते ही पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया।

जनपद में सड़क हादसों की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। पिछले 11 महीनों में 373 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें 313 लोग घायल हुए जबकि 168 लोगों की जान जा चुकी है। पुलिस का मानना है कि कई दुर्घटनाएं ऐसी भी हैं, जो रिकॉर्ड में दर्ज ही नहीं हो पाईं। अधिकांश हादसों की वजह यातायात नियमों का पालन न करना है।

बढ़ते हादसों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने शनिवार को पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि जो लोग बार-बार यातायात नियम तोड़ते हैं, उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए जाएं और वाहन जब्त किए जाएं। इसके बाद यातायात पुलिस ने शहर के राष्ट्र वंदना चौक, गौरीपुर मोड़, बड़ौत के दिल्ली बस स्टैंड, खेकड़ा पाठशाला सहित कई प्रमुख स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया।

प्रभारी निरीक्षक यातायात सतेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान 271 वाहनों के चालान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई की जाएगी और बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

नियमों की अनदेखी जारी
कड़ी कार्रवाई के बावजूद कई वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते नजर आए। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन दौड़ते दिखे। कई बाइकों पर तीन से अधिक सवारी बैठी थीं, जबकि चारपहिया वाहन चालक बिना सीट बेल्ट के वाहन चला रहे थे। कुछ वाहन तो हाईवे पर गलत दिशा में चलते पाए गए।

इसके अलावा दिल्ली-सहारनपुर हाईवे, मेरठ-बागपत-सोनीपत मार्ग और अन्य सड़कों पर ट्रक, भूसे व पराली से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़क किनारे खड़ी मिलीं। कोहरे के मौसम में ऐसे हालात बड़े हादसे को न्योता दे सकते हैं।

पुलिस ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में अभियान और तेज किया जाएगा ताकि सड़क हादसों पर लगाम लगाई जा सके।