Strait of Hormuz crisis: समंदर में बारूदी जंग! अमेरिका ने ईरान के 16 जहाजों को किया नेस्तनाबूद, ट्रंप की सीधी चेतावनी
India News Live,Digital Desk : मध्य पूर्व (Middle East) में जारी भीषण युद्ध अब दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्ग, होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। बुधवार को अमेरिकी सेना ने दावा किया कि उसने इस समुद्री मार्ग में बारूदी सुरंगें (Sea Mines) बिछा रहे ईरान के 16 जहाजों को हवाई हमलों में पूरी तरह नष्ट कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तनाव चरम पर है और वैश्विक तेल आपूर्ति पर संकट के बादल और गहरे हो गए हैं।
ईरान की हुंकार: 'दुश्मनों तक नहीं पहुंचने देंगे एक बूंद तेल'
ईरान ने अमेरिका की इस कार्रवाई के बाद बेहद कड़ा रुख अपनाया है। ईरानी नेतृत्व ने चेतावनी दी है कि वे इस पूरे क्षेत्र से होने वाले तेल निर्यात को ठप कर देंगे। तेहरान की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वे अपने दुश्मनों तक 'एक लीटर' तेल भी नहीं पहुंचने देंगे। ज्ञात हो कि दुनिया के कुल तेल व्यापार का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा इसी संकरे जलमार्ग से होकर गुजरता है, जिसे बंद करने की धमकी ने वैश्विक बाजारों में खलबली मचा दी है।
10 या 16? जहाजों की संख्या पर सेना और ट्रंप के दावों में अंतर
अमेरिकी सैन्य कमांड ने जहां 16 ईरानी माइन-लेइंग (बारूदी सुरंग बिछाने वाले) जहाजों को नष्ट करने के वीडियो साक्ष्य जारी किए हैं, वहीं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सोशल मीडिया पोस्ट ने आंकड़ों पर थोड़ा भ्रम पैदा कर दिया है। ट्रंप ने अपने प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, "मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि हमने पिछले कुछ घंटों में 10 निष्क्रिय बारूदी सुरंग बिछाने वाली नौकाओं पर हमला कर उन्हें नष्ट कर दिया है।" हालांकि, सैन्य विशेषज्ञों का मानना है कि अलग-अलग मोर्चों पर हुई कार्रवाई के कारण आंकड़ों में यह अंतर हो सकता है।
ट्रंप की 'अभूतपूर्व हमले' की चेतावनी: खदानें हटाओ वरना अंजाम भुगतो
राष्ट्रपति ट्रंप ने तेहरान को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि ईरान ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों में एक भी खदान बिछाई, तो अमेरिका 'अभूतपूर्व हमला' करेगा। दिलचस्प बात यह है कि एक तरफ सेना हमले का दावा कर रही है, वहीं ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा कि अभी तक ऐसी कोई पुख्ता रिपोर्ट नहीं मिली है कि ईरान ने जलमार्ग में वास्तव में विस्फोटक सक्रिय कर दिए हैं। ट्रंप ने मांग की है कि अगर कहीं भी ऐसी कोई तैयारी है, तो उसे तुरंत हटाया जाए।
क्यों अहम है होर्मुज जलडमरूमध्य?
यह जलमार्ग ओमान और ईरान के बीच स्थित है जो फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है। दुनिया की ऊर्जा सुरक्षा इसी मार्ग पर टिकी है। अमेरिकी सेना द्वारा जारी किए गए वीडियो में ईरानी जहाजों को इस मार्ग के रणनीतिक पॉइंट्स पर बारूदी सुरंगों के साथ दिखाया गया है, जिसे अमेरिका ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए सीधा खतरा करार दिया है।