‘सितारे ज़मीन पर’ ने पहले वीकेंड पर मचाया धमाल, आमिर खान की वापसी पर दर्शकों की जोरदार मुहर
India News Live,Digital Desk : 20 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली इस फिल्म को लेकर शुरुआती अनुमान यही लगाए जा रहे थे कि शायद यह फिल्म दर्शकों को खींचने में नाकाम रहेगी। लेकिन, फिल्म ने अपनी दमदार कहानी और बच्चों की भावनात्मक दुनिया को छूने वाले कंटेंट के चलते न सिर्फ शानदार ओपनिंग ली, बल्कि पहले वीकेंड में 50 करोड़ से अधिक का आंकड़ा पार कर आलोचकों को करारा जवाब भी दिया।
ओपनिंग डे पर ही चौंकाया
फिल्म ट्रेड पंडितों का मानना था कि ‘सितारे ज़मीन पर’ पहले दिन डबल डिजिट में भी कमाई नहीं कर पाएगी, लेकिन आमिर खान की ब्रैंड वैल्यू ने फिर कमाल कर दिखाया। फिल्म ने पहले ही दिन 10.75 करोड़ रुपये का कारोबार कर यह साफ कर दिया कि दर्शकों में अब भी उनके नाम का क्रेज बरकरार है।
शनिवार और रविवार को और उछाल
रिलीज के दूसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला और फिल्म ने 19.90 करोड़ की कमाई की। यह इशारा था कि वीकेंड पर फिल्म और बड़ी छलांग लगाएगी। तीसरे दिन, यानी रविवार को, ‘सितारे ज़मीन पर’ ने लगभग 25 करोड़ की कमाई की और कुल नेट कलेक्शन को 55.6 करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया।
तीन दिन का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन:
पहला दिन: 10.75 करोड़
दूसरा दिन: 19.90 करोड़
तीसरा दिन: 25 करोड़
कुल (नेट): 55.6 करोड़ रुपये
अब नज़रें वीकडेज़ की कमाई पर
फिल्म ने वीकेंड पर दमदार प्रदर्शन किया है, लेकिन अब असली परीक्षा सोमवार से शुरू होती है। वीकडेज़ में अगर फिल्म यही लय बरकरार रखती है, तो यह साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक बन सकती है।
आमिर खान की इस इमोशनल ड्रामा ने यह साबित कर दिया है कि अच्छी कहानी और सशक्त एक्टिंग के दम पर कोई भी फिल्म सफलता की ऊंचाइयों को छू सकती है।