Sonam Bajwa's patriotic debut : बॉर्डर 2 में दिलजीत के साथ जोड़ी, नई पीढ़ी के साथ लौटेगी 1971 की जंग

Post

India News Live, Digital Desk : करीब 28 साल बाद, एक बार फिर से वही जोश, वही जुनून और वही देशभक्ति की भावना बड़े पर्दे पर लौटने वाली है। जेपी दत्ता की क्लासिक वॉर फिल्म बॉर्डर का सीक्वल, बॉर्डर 2, अब पूरी तरह तैयार है। 13 जून 2024 को इस फिल्म की आधिकारिक घोषणा की गई थी, और अब इसकी स्टारकास्ट भी धीरे-धीरे सामने आ रही है।

पहले पोस्टर को खुद सनी देओल ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया था, लेकिन इस बार बॉर्डर पर लड़ने वाले चेहरे बदल चुके हैं। सनी देओल के साथ इस बार वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी युद्धभूमि में नजर आएंगे।

अब फिल्म से जुड़ी एक नई और दिलचस्प जानकारी सामने आई है। पंजाबी फिल्मों की स्टार सोनम बाजवा को बॉर्डर 2 की पहली लीड एक्ट्रेस के रूप में फाइनल कर लिया गया है। सोनम इससे पहले अक्षय कुमार की हाउसफुल 5 में नजर आ चुकी हैं। इस बार वो देशभक्ति से भरी इस फिल्म में एक मजबूत पंजाबी लड़की का किरदार निभाएंगी, और जून के अंत तक उनकी शूटिंग शुरू होने की खबर है।

रिपोर्ट्स की मानें तो सोनम की जोड़ी फिल्म में दिलजीत दोसांझ के साथ बनेगी। ये जोड़ी पहले भी कई हिट पंजाबी फिल्मों जैसे हौसला रख, सरदारजी और पंजाब 1984 में दर्शकों का दिल जीत चुकी है।

फिल्म की सबसे खास बात ये है कि इसमें बॉर्डर का आइकोनिक गाना "संदेसे आते हैं" दोबारा सुनने को मिलेगा — इस बार सोनू निगम और अरिजीत सिंह की आवाज में।

बॉर्डर 2 की कहानी 1971 की भारत-पाकिस्तान जंग पर आधारित होगी और ये फिल्म 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। नई पीढ़ी की स्टारकास्ट और पुराने जज़्बे के साथ ये फिल्म एक बार फिर थिएटर्स को हाउसफुल कराने के लिए तैयार है।