Social media obsession turns dangerous : नदी में रील बनाते समय हादसा
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-26 12:02:00
India News Live,Digital Desk : आज के समय में सोशल मीडिया पर रील बनाने का क्रेज युवाओं और बच्चों में तेजी से बढ़ रहा है। हर कोई लाइक्स और व्यूज़ के चक्कर में वीडियो शूट करता है, लेकिन कई बार यह शौक जानलेवा साबित हो जाता है। ऐसा ही एक मामला बिहार के गया जिले से सामने आया है, जहाँ सात नाबालिग बच्चे रील बनाते-बनाते गहरे पानी में जा डूबे।
जानकारी के मुताबिक, गया के बेलागंज थाना क्षेत्र के वाजिदपुर इलाके में रहने वाले ये सभी बच्चे घर से बाजार जाने की बात कहकर निकले थे। रास्ते में वे खिजरसराय से बहने वाली फल्गु नदी के केनी घाट पहुँचे। वहाँ नहाते समय उन्होंने मोबाइल से रील बनाना शुरू किया।
इसी दौरान एक बच्चे का पैर फिसल गया और वह पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए बाकी बच्चे भी आगे बढ़े, लेकिन एक-एक करके सभी गहरे पानी में चले गए। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई।
घटना के वक्त पाँच बच्चे किसी तरह तैरकर बाहर आ गए। वहीं, मौके पर मौजूद राहगीर रंजन माजी ने हिम्मत दिखाते हुए नदी में छलांग लगाई और दो बच्चों की जान बचा ली।
बाद में स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुँची और तुरंत तैराकों को बुलाया गया। कुछ ही मिनटों में सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गया के मगध मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
डूबे बच्चों की पहचान मोहम्मद तोसिफ, मोहम्मद जसीफ, मोहम्मद साहिल, मोहम्मद जैन, मोहम्मद सूफिया, मोहम्मद साजिद और मोहम्मद अनस के रूप में हुई है। सभी की उम्र 12 से 17 साल के बीच है। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल सभी की हालत स्थिर है।