BREAKING:
September 03 2026 04:20 am

कप्तान के तौर पर शुभमन गिल की पहली अग्निपरीक्षा असफल, इंग्लैंड ने पलटा पासा

Post

India News Live,Digital Desk : भारत और इंग्लैंड के बीच हेडिंग्ले टेस्ट मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक यादगार मैच बन गया, लेकिन भारतीय कप्तान शुभमन गिल के लिए यह एक दर्दनाक शुरुआत रही। बतौर टेस्ट कप्तान यह उनका पहला मैच था, जिसमें भारत को करारी हार झेलनी पड़ी। पांच मैचों की सीरीज़ में इंग्लैंड ने 1-0 की बढ़त बना ली है।

इस मैच के आखिरी दिन भारत जीत की स्थिति में नजर आ रहा था, लेकिन इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने कमाल की वापसी करते हुए पांच विकेट से जीत दर्ज की। इंग्लैंड को आखिरी दिन 351 रन बनाने थे, जो उन्होंने बेन डकेट के 149, जैक क्रॉली के 65 और जो रूट के नाबाद 53 रनों की बदौलत हासिल कर लिए।

गिल बोले – कैच छोड़े, मौके गंवाए

मैच के बाद गिल ने हार की वजह साफ तौर पर बताई। उन्होंने कहा,
"ये एक शानदार टेस्ट मैच था। हमारे पास जीतने के मौके थे, लेकिन हम उन्हें भुना नहीं पाए। कैच छोड़े गए, निचले क्रम ने योगदान नहीं दिया। हम सोच रहे थे कि इंग्लैंड को 430 रनों का लक्ष्य देंगे, लेकिन आखिरी विकेट जल्द गिर गए। पहले विकेट के बाद भी लगा था कि हम वापसी कर सकते हैं, लेकिन मौके गंवा दिए।"

गिल ने टीम की युवा स्थिति को जिम्मेदार मानते हुए कहा कि यह टीम सीख रही है और आगे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

बुमराह की गेंदबाज़ी और वर्कलोड पर भी बोले गिल

जसप्रीत बुमराह ने पहली पारी में पांच विकेट चटकाए, लेकिन दूसरी पारी में कोई विकेट नहीं मिला। उनके वर्कलोड को लेकर कई सवाल उठते रहे हैं। इस पर गिल ने कहा,
“हर मैच के हिसाब से फैसला होगा। जब लंबा ब्रेक मिलेगा तो देखा जाएगा कि बुमराह अगला मैच खेलेंगे या नहीं।”