रोहित शर्मा से छिनी वनडे कप्तानी, शुभमन गिल को मिला मौका
Prabhat Vaibhav,Digital Desk : क्रिकेट फैन्स के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी तीन वनडे मैचों के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया है। इस टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों शामिल हैं, लेकिन कप्तानी की कमान इस बार शुभमन गिल के हाथ में दी गई है। गिल पहले से ही टेस्ट टीम के कप्तान हैं और अब उन्हें वनडे में भी नेतृत्व का मौका मिला है।
रोहित और विराट की जोड़ी 9 मार्च को चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के बाद पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी। वहीं, रोहित शर्मा से वनडे कप्तानी छीनने को लेकर चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने खुलकर अपनी राय रखी है।
अजीत अगरकर का बयान
अजीत अगरकर ने कहा कि रोहित शर्मा और विराट कोहली का 2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलना अभी फाइनल नहीं हुआ है। इसलिए टीम ने रोहित को कप्तानी नहीं सौंपी। अगरकर ने ये भी कहा कि तीनों फॉर्मेट के लिए अलग-अलग कप्तान रखना सही नहीं होता। 2027 की योजना को ध्यान में रखते हुए, गिल को दो फॉर्मेट की कप्तानी दी गई है।
रोहित शर्मा का कप्तानी रिकॉर्ड
रोहित ने साल 2021 में दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले विराट कोहली से ODI कप्तानी संभाली थी। रोहित ने अब तक कुल 56 वनडे मैचों में भारत की कप्तानी की है, जिसमें टीम ने 42 जीत हासिल की, 12 मैच हारे, एक मैच टाई और एक का कोई नतीजा नहीं निकला।
रोहित ने खुद कहा था कि अगर 2023 वर्ल्ड कप जीत जाते तो शायद वह ODI क्रिकेट से संन्यास ले लेते। लेकिन फाइनल में हार के बाद वह अभी भी इस फॉर्मेट में खेल रहे हैं।
शुभमन गिल का वनडे करियर
शुभमन गिल ने अब तक 55 वनडे मैच खेले हैं और 2775 रन बनाए हैं, जिनमें 8 शतक शामिल हैं। उनका औसत 59.04 और स्ट्राइक रेट 99 का है। हालांकि गिल को अभी तक वनडे इंटरनेशनल में कप्तानी का अनुभव ज्यादा नहीं है।
भारत की आगामी ऑस्ट्रेलिया वनडे टीम
कप्तान: शुभमन गिल
उपकप्तान: श्रेयस अय्यर
अन्य खिलाड़ी: रोहित शर्मा, विराट कोहली, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरैल (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल
भारतीय टीम अब ऑस्ट्रेलिया दौरे की तैयारी में जुट गई है। फैंस की निगाहें इस नए कप्तान गिल पर होंगी, जो दोनों फॉर्मेट में टीम को नेतृत्व देंगे।