शोएब बशीर की चोट से इंग्लैंड को झटका, आठ साल बाद लियाम डॉसन की वापसी
India News Live,Digital Desk : लॉर्ड्स में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए रोमांचक टेस्ट मैच में भारत को 22 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इसी मुकाबले में भारत का आखिरी विकेट लेने वाले इंग्लैंड के स्पिन गेंदबाज शोएब बशीर चोटिल हो गए और अब वे पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। यह चोट उन्हें पहली पारी के दौरान गेंदबाजी करते समय लगी थी। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने अब उनकी जगह एक अनुभवी खिलाड़ी को मौका दिया है।
लियाम डॉसन की आठ साल बाद टीम में वापसी
बशीर की जगह इंग्लैंड ने बाएं हाथ के स्पिनर लियाम डॉसन को टीम में शामिल किया है। डॉसन ने आखिरी बार 2017 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट खेला था और अब आठ साल बाद उन्हें फिर से मौका मिला है। उन्होंने 2016 में भारत के खिलाफ चेन्नई में टेस्ट डेब्यू किया था। तीन टेस्ट मैचों में उनके नाम कुल सात विकेट दर्ज हैं।
लियाम डॉसन ने इस सीजन काउंटी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 2.55 की इकोनॉमी से 21 विकेट चटकाए और साथ ही 536 रन भी बनाए हैं, जो दर्शाता है कि वे गेंद और बल्ले दोनों से उपयोगी हैं।
इंग्लैंड चयनकर्ता ने क्या कहा?
इंग्लैंड टीम के चयनकर्ता ल्यूक राइट ने डॉसन के चयन पर कहा, "डॉसन ने काउंटी में निरंतर अच्छा प्रदर्शन किया है। उनका फॉर्म बेहतरीन रहा है और वे इस मौके के पूरी तरह हकदार हैं।"
शोएब बशीर की हालत और सर्जरी की तैयारी
लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान ऋषभ पंत के शॉट को रोकते हुए बशीर की उंगली में चोट लग गई थी। इसके बाद वे कुछ समय के लिए मैदान से बाहर हो गए थे। हालांकि, उन्होंने मैच के आखिरी दिन दोबारा गेंदबाजी की और मोहम्मद सिराज का विकेट लेकर जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी उंगली की अब सर्जरी होगी, जिसके चलते वे कुछ समय तक क्रिकेट से दूर रहेंगे।
इंग्लैंड की घोषित टीम (चौथा टेस्ट – मैनचेस्टर, 23 जुलाई से):
बेन स्टोक्स (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, जैकब बेथेल, हैरी ब्रुक, ब्रायडन कार्स, जैक क्रॉली, लियाम डॉसन, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जेमी स्मिथ, जोश टंग, क्रिस वोक्स