BREAKING:
May 19 2026 05:04 pm

'मैं चुप नहीं, जल्द लौटूंगी बांग्लादेश': भारत से शेख हसीना का बड़ा एलान

Post

India News Live,Digital Desk : बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने एक ईमेल इंटरव्यू के जरिए अपनी चुप्पी तोड़ते हुए बड़ी हुंकार भरी है। फिलहाल भारत में मौजूद शेख हसीना ने स्पष्ट किया है कि उनकी अनुपस्थिति को उनकी चुप्पी न समझा जाए। उन्होंने दावा किया कि वह जल्द ही बांग्लादेश की धरती पर वापसी करेंगी और वहां लोकतांत्रिक मूल्यों को फिर से बहाल करेंगी।

'आवामी लीग को खत्म नहीं किया जा सकता'

शेख हसीना ने बांग्लादेश में अपनी पार्टी 'आवामी लीग' पर लगाए गए प्रतिबंध को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "आवामी लीग जनता की पार्टी है और इसे बंदूकों के बल पर खत्म नहीं किया जा सकता। अगर आवामी लीग नहीं होती, तो शायद बांग्लादेश का जन्म ही नहीं होता।" उन्होंने आरोप लगाया कि मोहम्मद यूनुस की अगुआई वाली अंतरिम सरकार के दौरान उनके समर्थकों की हत्याएं की गई हैं।

2001-2006 जैसे 'काले दिनों' की चेतावनी

हसीना ने बांग्लादेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए बीएनपी (BNP) सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कट्टरपंथी और आतंकी ताकतें इसी तरह सक्रिय रहीं, तो देश में फिर से 2001 से 2006 के बीच जैसे 'काले दिन' लौट आएंगे। उन्होंने कहा कि उनके लौटने का उद्देश्य न केवल सत्ता में वापसी है, बल्कि देश की अखंडता और संप्रभुता को बचाना भी है।

17 मई और भावुक अतीत

17 मई की तारीख का जिक्र करते हुए हसीना ने कहा कि यह दिन उनके लिए बेहद भावनात्मक है। 1981 में छह साल के निर्वासन के बाद उन्होंने इसी दिन बांग्लादेश में वापसी की थी, जब उन्होंने अपने पूरे परिवार को खो दिया था। उन्होंने याद दिलाया कि उनके खिलाफ अब तक 19 बार जानलेवा हमले हो चुके हैं, लेकिन कोई भी उन्हें उनके संकल्प से नहीं डिगा पाया।

वापसी की कोई निश्चित तारीख नहीं

बांग्लादेश लौटने के सवाल पर शेख हसीना ने कहा कि अभी कोई निश्चित तारीख या समय बताना संभव नहीं है। उन्होंने कहा, “हम लगातार बांग्लादेश में लोकतांत्रिक माहौल, बोलने की आजादी और राजनीतिक अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं। जिस तरह पहले मुझे लोगों का प्यार मिला है, मुझे विश्वास है कि इस बार भी देश के लोग मेरा साथ देंगे।”