शमिक भट्टाचार्य को मिली बंगाल भाजपा की कमान, TMC को सत्ता से हटाने का लिया संकल्प

India News Live,Digital Desk : पश्चिम बंगाल में 2026 विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को नई दिशा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। राज्यसभा सांसद और पार्टी के अनुभवी नेता शमिक भट्टाचार्य को प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कोलकाता के साइंस सिटी में हुए एक भव्य कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने औपचारिक रूप से उनके नाम की घोषणा की और प्रमाण पत्र सौंपा।
शमिक भट्टाचार्य ने सुकांत मजूमदार की जगह ली है, जो पिछले तीन सालों से इस पद पर थे। अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालते ही शमिक ने स्पष्ट किया कि 2026 के चुनाव में भाजपा पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी और तृणमूल कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकने का लक्ष्य लेकर चलेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, "अब वक्त आ गया है कि बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव आए। तृणमूल की विदाई अब तय है, कोई ताकत इसे नहीं रोक सकती।"
भाजपा के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी
कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी, केंद्रीय प्रभारी सुनील बंसल, मंगल पांडेय सहित पार्टी के कई सांसद और विधायक उपस्थित थे। सभी ने शमिक को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और एकजुट होकर तृणमूल से मुकाबला करने की बात कही।
संघ से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
शमिक का राजनीतिक सफर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की शाखाओं से शुरू हुआ। वे छात्र जीवन में ABVP से जुड़े और बाद में भारतीय जनता युवा मोर्चा का हिस्सा बने। 2006 में उन्होंने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा। हालांकि उन्हें पहली बार जीत 2014 में बशीरहाट दक्षिण उपचुनाव में मिली।
टीएमसी का प्रस्ताव ठुकराकर भाजपा से जुड़े रहे
बताया जाता है कि टीएमसी की ओर से उन्हें मंत्री पद का प्रस्ताव भी मिला था, लेकिन उन्होंने इसे ठुकराकर भाजपा के प्रति अपनी निष्ठा जताई। यही कारण है कि पार्टी में उनका कद लगातार बढ़ता गया। प्रवक्ता के तौर पर भी उन्होंने भाजपा की मजबूत छवि बनाई।
शांत और संयमित स्वभाव के शमिक भट्टाचार्य को पार्टी में एक भरोसेमंद और सुलझे हुए नेता के रूप में जाना जाता है। उनके समर्थकों का कहना है कि उन्होंने कभी संगठन में किसी के खिलाफ शिकायत नहीं की और हमेशा कार्यकर्ताओं के बीच संवाद बनाए रखा।