भारत में अमेरिकी राजदूत बने ट्रंप के भरोसेमंद सहयोगी सर्जियो गोर, विवादों से भी जुड़ा रहा नाम
- by Priyanka Tiwari
- 2025-08-23 17:33:00
India News Live,Digital Desk : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने करीबी सहयोगी सर्जियो गोर को भारत में अमेरिका का नया राजदूत नियुक्त किया है। 39 वर्षीय गोर अब एरिक गार्सेटी की जगह लेंगे। फिलहाल वे व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति कार्मिक निदेशक के पद पर कार्यरत हैं।
सर्जियो गोर को ट्रंप का सबसे वफादार और भरोसेमंद व्यक्ति माना जाता है। यही वजह है कि उन्हें भारत जैसे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण देश में भेजा गया है। माना जा रहा है कि उन्हें दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के लिए विशेष दूत की जिम्मेदारी भी दी जा सकती है। इस भूमिका में वे भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश समेत एशिया में अमेरिकी कूटनीति को मजबूत करेंगे।
विवादों में रहा नाम
सर्जियो गोर का नाम कई विवादों में भी सामने आ चुका है। उन पर रूसी जासूस होने के गंभीर आरोप लगे हैं। इतना ही नहीं, टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने उन्हें "साँप" तक कह दिया था। उन पर अपने जन्मस्थान से जुड़ी जानकारी छिपाने का आरोप भी है।
कौन हैं सर्जियो गोर?
सर्जियो गोर का जन्म उज़्बेकिस्तान के ताशकंद में हुआ था। 1999 में वे अपने परिवार के साथ अमेरिका आ गए। उन्होंने लॉस एंजिल्स में पढ़ाई की और वाशिंगटन विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल की। कॉलेज के दिनों से ही वे राजनीति में रुचि लेने लगे और रिपब्लिकन पार्टी से जुड़ गए। गोर ने कई अमेरिकी सांसदों के साथ काम किया और पार्टी प्रवक्ता के तौर पर पहचान बनाई। 2020 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान में वे डोनाल्ड ट्रंप की टीम में शामिल हुए और अभियान का अहम चेहरा बने।