क्रिकेटर यश दयाल पर गंभीर आरोप: पांच साल के रिश्ते में मानसिक और शारीरिक शोषण का दावा
- by Priyanka Tiwari
- 2025-06-29 03:02:00

India News Live,Digital Desk : रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के तेज गेंदबाज यश दयाल एक बड़े विवाद में फंसते नजर आ रहे हैं। गाजियाबाद की एक महिला ने उन पर शादी का झांसा देकर मानसिक और शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला ने यह शिकायत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करवाई है।
रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इंदिरापुरम क्षेत्र के पुलिस अधिकारी से 21 जुलाई तक विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। महिला ने इससे पहले 14 जून 2025 को 181 महिला हेल्पलाइन पर भी इसकी शिकायत की थी।
पांच साल पुराना रिश्ता, कई गंभीर आरोप
एफआईआर में महिला ने बताया कि वह बीते पांच वर्षों से यश दयाल के साथ रिलेशनशिप में थी। इस दौरान क्रिकेटर ने शादी का वादा किया, लेकिन बार-बार भावनात्मक और मानसिक रूप से परेशान किया। महिला ने दावा किया कि यश ने उससे पैसों की मांग भी की और उनके पास चैट्स, वीडियो कॉल, तस्वीरों और अन्य सबूत मौजूद हैं।
महिला का कहना है कि यश दयाल ने उन्हें अपने परिवार से भी मिलवाया और पति जैसा व्यवहार किया, जिससे उन्हें भरोसा हो गया। लेकिन जब उन्हें यश की असलियत का पता चला और उन्होंने विरोध किया तो उन्हें शारीरिक रूप से चोट पहुंचाई गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
अन्य लड़कियों के साथ भी ऐसे ही रिश्ते
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि यश ने ऐसी हरकतें और भी कई महिलाओं के साथ की हैं। उन्होंने बताया कि 181 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पहले भी चर्चा में रह चुके हैं यश दयाल
गौरतलब है कि यश दयाल वही गेंदबाज हैं, जिन पर आईपीएल 2023 के एक मुकाबले में रिंकू सिंह ने आखिरी ओवर में लगातार पांच छक्के जड़ दिए थे। तब यश गुजरात टाइटंस की ओर से खेल रहे थे। उस घटना के बाद वे काफी चर्चा में आए थे और बाद में उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने शामिल किया था।