Sanjay Kapoor's farewell : करिश्मा कपूर और परिवार ने दी अंतिम विदाई, प्रार्थना सभा में उमड़ा सन्नाटा
India News Live,Digital Desk : 12 जून का दिन कपूर परिवार के लिए बेहद दुखद साबित हुआ। अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का निधन पोलो खेलते समय हो गया। प्राथमिक रिपोर्ट्स के अनुसार, संजय को खेल के दौरान हार्ट अटैक आया था। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि खेलते समय उनके गले में मधुमक्खी चली गई, जिससे उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई और इसके बाद उन्हें अटैक आया। हालांकि, इस दावे की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
19 जून को हुआ अंतिम संस्कार
संजय कपूर का अंतिम संस्कार 19 जून को दिल्ली के लोधी रोड स्थित दयानंद मुक्तिधाम में किया गया। करिश्मा कपूर अपने बच्चों, बहन करीना कपूर और सैफ अली खान के साथ अंतिम संस्कार में शामिल हुईं। इस दौरान पूरा परिवार बेहद भावुक नजर आया।
22 जून को रखी गई प्रार्थना सभा
संजय कपूर की आत्मा की शांति के लिए 22 जून को दिल्ली के ताज पैलेस होटल में प्रार्थना सभा रखी गई। करिश्मा अपने बच्चों के साथ रविवार दोपहर मुंबई एयरपोर्ट पर सफेद कपड़ों में स्पॉट की गईं। करीना और सैफ भी उनके साथ थे, लेकिन मीडिया की नजरों से बचते हुए वे सीधे अंदर चले गए।
करिश्मा-संजय की टूटी शादी की कहानी
करिश्मा और संजय की शादी 2003 में हुई थी। हालांकि कुछ सालों बाद दोनों के रिश्ते में खटास आ गई और 2016 में उनका तलाक हो गया। तलाक के दौरान करिश्मा ने संजय पर घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने यहां तक कहा था कि हनीमून के दौरान संजय ने उन्हें अपने दोस्तों के साथ जबरन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया था।
2023 में, लंबे समय बाद करिश्मा और संजय को एक साथ देखा गया था। दोनों मुंबई के एक रेस्टोरेंट से डिनर के बाद बाहर आते नजर आए थे, जिसने सभी को चौंका दिया था।
अब जब संजय इस दुनिया को अलविदा कह गए हैं, तो उनका परिवार और जानने वाले उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।