रूस का भरोसेमंद साथी बना उत्तर कोरिया, किम जोंग उन ने यूक्रेन युद्ध में बिना शर्त समर्थन का ऐलान किया

Post

India News Live,Digital Desk : उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन ने साफ कर दिया है कि उनका देश यूक्रेन युद्ध के मुद्दे पर रूस के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उत्तर कोरिया की यात्रा पर आए रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात के दौरान किम ने कहा कि उनका देश हर कदम पर रूस का साथ देगा और इस समर्थन में कोई शर्त नहीं है।

खबर है कि उत्तर कोरिया अब तक 10,000 सैनिक रूस को भेज चुका है जो यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में भाग ले रहे हैं। इसके अलावा, भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी रूस को सप्लाई किया जा रहा है।

दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी के अनुसार, उत्तर कोरिया ने अब तक रूस को लगभग 1.2 करोड़ तोप और टैंक के गोले भेजे हैं। माना जा रहा है कि लावरोव की यह तीन दिवसीय यात्रा भी हथियार आपूर्ति और रणनीतिक साझेदारी को लेकर ही हो रही है। किम और लावरोव की मुलाकात वोनसान शहर में हुई।

किम जोंग उन ने यह भी कहा कि रूस के साथ मिलकर उत्तर कोरिया वैश्विक शांति के लिए काम करने को तैयार है। उन्होंने यह भी दोहराया कि यूक्रेन युद्ध के पीछे जो कारण हैं, उन्हें दूर करने के लिए रूस जो भी निर्णय लेता है, उत्तर कोरिया उसमें पूरी तरह साथ है।

इस मुलाकात में दोनों देशों के विदेश मंत्रियों ने आपसी सहयोग को और मजबूत करने का निर्णय लिया। गौरतलब है कि रूस और उत्तर कोरिया ने 2024 में एक रक्षा समझौता किया था, जिसके तहत दोनों देश मिलकर किसी भी युद्ध का सामना करेंगे।

इस बीच, उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया और जापान को भी कड़ी चेतावनी दी है। उत्तर कोरियाई रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि यदि इन देशों की ओर से कोई सुरक्षा खतरा पैदा होता है, तो सेना जवाबी कार्रवाई करेगी। यह बयान अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया की हालिया संयुक्त वायुसेना अभ्यास के बाद आया है।

शुक्रवार को अमेरिका का बी-52 बमवर्षक विमान दक्षिण कोरिया के पास उड़ान भरते देखा गया था। इस सैन्य अभ्यास में तीनों देशों के लड़ाकू विमानों ने अपनी ताकत दिखाई, जिसे उत्तर कोरिया ने उकसावे की कार्रवाई बताया है।