BREAKING:
July 19 2026 08:25 am

Russian attack on Ukraine : कॉफी मशीन फैक्ट्री को बनाया निशाना, 15 लोग घायल

Post

India News Live,Digital Desk : रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध लगातार तेज़ होता जा रहा है। ताज़ा हमले में रूसी सेना ने यूक्रेन की एक कॉफी मशीन बनाने वाली फैक्ट्री को निशाना बनाया। यह फैक्ट्री अमेरिकी स्वामित्व वाली बताई जा रही है। हमले की जानकारी यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। उन्होंने हमले के बाद की तस्वीरें भी जारी कीं और लिखा कि रूस युद्ध खत्म करने के बजाय उसे और बढ़ा रहा है।

ज़ेलेंस्की के मुताबिक़, रूसी सेना ने ज़कारपटिया क्षेत्र में स्थित इस कंपनी पर मिसाइल से हमला किया। फैक्ट्री में रोज़मर्रा की ज़रूरत की चीज़ें जैसे कॉफी मशीनें बनाई जाती थीं। मिसाइल गिरने के बाद कई जगहों पर आग लग गई। यूक्रेनी फायर ब्रिगेड और सेना आग बुझाने और राहत कार्य में जुटी हुई है। इस हमले में कम से कम 15 लोग घायल हुए हैं।

ज़ेलेंस्की ने यह भी बताया कि रूस ने पूरी रात यूक्रेन के अलग-अलग शहरों पर हमले किए। रूसी सेना ने ज़ापोरिज़िया से लेकर वोलिन तक 574 ड्रोन और 40 मिसाइलें दागीं। यूक्रेनी सेना ने कुछ हमलों को रोकने में सफलता पाई, लेकिन कई जगहों पर भारी नुकसान हुआ। फिलहाल, बचाव कार्य जारी है और नागरिकों की सुरक्षा प्राथमिकता बनी हुई है।