Rising violence in Bangladesh : ढाका के बाद खुलना में हाई-प्रोफाइल गोलीबारी, चुनाव से पहले माहौल तनावपूर्ण
- by Priyanka Tiwari
- 2025-12-22 17:00:00
India News Live,Digital Desk : बांग्लादेश इन दिनों गंभीर अशांति और हिंसा के दौर से गुजर रहा है। हाल ही में कट्टरपंथी नेता और इंकलाब मंच के प्रवक्ता उस्मान हादी की हत्या के बाद राजधानी ढाका में हिंसक घटनाएं सामने आई थीं। अब इसी कड़ी में एक और हाई-प्रोफाइल गोलीबारी की घटना ने देश की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, छात्र आंदोलन से उभरी नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) से जुड़े एक वरिष्ठ नेता पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि बीएनपी के खुलना डिविजनल हेड मोतालेब सिकदर को सोमवार को गोली मारी गई। गोली उनके सिर के बाईं ओर लगी है, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
यह हमला ऐसे समय पर हुआ है, जब बांग्लादेश पहले से ही राजनीतिक तनाव और हिंसक प्रदर्शनों से जूझ रहा है। पिछले सप्ताह कट्टरपंथी नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद देश के कई हिस्सों में उग्र प्रदर्शन देखने को मिले थे। हादी भारत विरोधी बयानों के लिए जाना जाता था और वर्ष 2024 में हुए छात्र विद्रोह के दौरान वह काफी चर्चा में रहा था।
बांग्लादेश में यह सब घटनाक्रम ऐसे वक्त में हो रहा है, जब देश अगले साल होने वाले आम चुनावों की तैयारी में जुटा है। अंतरिम सरकार के गठन के बाद यह पहला आम चुनाव होगा, जो फरवरी 2026 में प्रस्तावित है।
चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे देश के विभिन्न हिस्सों से हिंसा, गोलीबारी और राजनीतिक टकराव की खबरें सामने आ रही हैं। इसके साथ ही हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमलों और असुरक्षा की घटनाओं ने हालात को और चिंताजनक बना दिया है। विश्लेषकों का मानना है कि अगर समय रहते हालात पर नियंत्रण नहीं पाया गया, तो चुनावी प्रक्रिया पर भी इसका गंभीर असर पड़ सकता है।