India-New Zealand FTA finalized : पीएम मोदी और क्रिस्टोफर लक्सन की बातचीत से डील पक्की
India News Live,Digital Desk : भारत और न्यूजीलैंड के बीच लंबे समय से चल रही मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की बातचीत अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच गई है। मार्च 2025 से शुरू हुई इस प्रक्रिया को दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व ने फोन पर हुई बातचीत के जरिए अंतिम रूप दे दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के बीच हुई चर्चा के बाद इस अहम व्यापारिक समझौते पर सहमति बन गई।
न्यूजीलैंड सरकार ने एक आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी कर भारत के साथ एफटीए डील होने की पुष्टि की है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस समझौते की जानकारी साझा करते हुए इसे दोनों देशों के आर्थिक संबंधों के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।
करीब नौ महीने की बातचीत के बाद यह समझौता पूरा हुआ है। मार्च 2025 में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री के भारत दौरे के दौरान पहली बार इस एफटीए पर औपचारिक चर्चा शुरू हुई थी। साल खत्म होने से पहले इस डील पर मुहर लगना दोनों देशों की मजबूत साझेदारी को दर्शाता है।
मुक्त व्यापार समझौते के तहत अगले पांच वर्षों में भारत और न्यूजीलैंड के बीच मौजूदा द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही न्यूजीलैंड अगले 15 वर्षों में भारत में करीब 20 मिलियन डॉलर का निवेश करेगा। यह निवेश कृषि, शिक्षा, फूड प्रोसेसिंग, टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप सेक्टर को मजबूती देगा।
यह समझौता भारत की वैश्विक व्यापार रणनीति में एक और बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। न्यूजीलैंड के साथ यह भारत की सातवीं बड़ी फ्री ट्रेड डील है। इससे पहले भारत ओमान, मॉरीशस, ऑस्ट्रेलिया, यूनाइटेड किंगडम, यूएई और यूरोपीय फ्री ट्रेड ब्लॉक के देशों के साथ एफटीए कर चुका है।
लगातार कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते करने से भारत वैश्विक मंच पर एक भरोसेमंद और आकर्षक व्यापारिक साझेदार के रूप में उभर रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत–न्यूजीलैंड एफटीए से दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं को नई गति मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।