कपूर खानदान की 100 साल की विरासत 45 की उम्र में रिद्धिमा कपूर का बॉलीवुड डेब्यू,'दादी की शादी' में आएंगी नजर
India News Live, Digital Desk: हिंदी सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित 'कपूर खानदान' की विरासत में अब एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। पृथ्वीराज कपूर ने साल 1928 में जिस सफर की शुरुआत की थी, उसे अब रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा कपूर साहनी आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं। रिद्धिमा फिल्म ‘दादी की शादी’ से बॉलीवुड में कदम रख रही हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म में वह अपनी मां नीतू कपूर और मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी।
100 साल का सफर और रिद्धिमा का डेब्यू
1928 से 2026 तक, लगभग एक सदी से कपूर परिवार भारतीय सिनेमा पर राज कर रहा है। राज कपूर, ऋषि कपूर से लेकर करीना और रणबीर कपूर तक, हर पीढ़ी ने अपनी छाप छोड़ी है। अब 45 साल की उम्र में रिद्धिमा का यह डेब्यू काफी चर्चा में है। हालांकि, रिद्धिमा पहले ही नेटफ्लिक्स के शो ‘फैब्युलस लाइव्स वर्सेस बॉलीवुड वाइव्स’ के जरिए कैमरे का सामना कर चुकी हैं, लेकिन बड़े पर्दे पर यह उनका पहला अनुभव होगा।
"पापा ऋषि कपूर का आशीर्वाद हमेशा साथ है"
अपने डेब्यू को लेकर रिद्धिमा काफी भावुक हैं। एक हालिया साक्षात्कार में उन्होंने बताया कि यह उनके लिए एक 'लाइफ सर्कल' पूरा होने जैसा है। रिद्धिमा ने कहा:"मुझे हमेशा महसूस होता है कि मेरे पिता (ऋषि कपूर) मेरे साथ हैं। हर फैसले में उनका आशीर्वाद मिलता है, जिससे मुझे हिम्मत और सुकून मिलता है।"
मां के तौर पर लिया एक कठिन फैसला
शूटिंग के दौरान रिद्धिमा के सामने एक बड़ी चुनौती अपनी बेटी को दिल्ली में अकेला छोड़ना था। उन्होंने बताया कि न्यूयॉर्क में पिता के इलाज के समय के बाद यह पहला मौका था जब वह अपनी बेटी से दूर रहीं। उन्होंने स्वीकार किया कि इस उम्र में कुछ नया शुरू करना थोड़ा डरावना हो सकता है, लेकिन वह इसे लेकर बेहद उत्साहित हैं।
कैमरे के साथ बढ़ी नजदीकी
रिद्धिमा के अनुसार, नेटफ्लिक्स शो ने उनके भीतर के डर को खत्म कर दिया। उन्होंने कहा कि उस शो के अनुभव ने उन्हें कैमरे के सामने सहज (कंफर्टेबल) बना दिया, जिसका फायदा उन्हें अब अपनी पहली फिल्म की शूटिंग के दौरान मिल रहा है। 'दादी की शादी' एक पारिवारिक फिल्म बताई जा रही है, जिससे दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं।