सामाजिक न्याय और सत्ता संतुलन की ओर बढ़ा एक और कदम : राजद में शामिल हुईं रेणु कुशवाहा

Post

India News Live,Digital Desk : राजनीति में लंबे अनुभव की धनी और बिहार की जानी-मानी नेता रेणु कुशवाहा ने बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का दामन थाम लिया। पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। रेणु कुशवाहा की यह घरवापसी सिर्फ एक दल बदल नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति में सामाजिक समीकरणों की नई पटकथा का संकेत है।

रेणु कुशवाहा ने अपनी राजनीतिक यात्रा समता पार्टी से शुरू की थी, लेकिन समय के साथ उन्होंने जदयू, भाजपा और लोजपा जैसी पार्टियों में भी अहम जिम्मेदारियाँ निभाईं। अब वे राजद में शामिल हुई हैं, जहाँ उन्हें सम्मानजनक भूमिका मिलने की चर्चा जोरों पर है।

विशेषज्ञ इसे जदयू-भाजपा के 'लव-कुश' समीकरण (कोईरी और कुर्मी वोट बैंक) में सेंध लगाने की रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं। उनके साथ कुशवाहा समाज के कई प्रमुख नेता भी राजद में आए हैं, जो इस राजनीतिक घटनाक्रम को और अधिक प्रभावशाली बनाता है।

राजद कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में तेजस्वी यादव ने स्पष्ट रूप से कहा, "कुशवाहा समाज अगर एक कदम बढ़ेगा, तो तेजस्वी चार कदम साथ चलेगा।" उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की विचारधारा को मजबूत करने के लिए ऐसे लोगों का साथ आना बेहद ज़रूरी है।

इस अवसर पर कई वरिष्ठ राजद नेता जैसे आलोक मेहता, अभय कुशवाहा, संजय यादव, शक्ति सिंह यादव और प्रमोद सिन्हा मौजूद रहे। समारोह की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने की और संचालन रणविजय साहू ने किया।

तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में सामाजिक विषमताओं और अपमान के मामलों पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के इटावा में एक कथावाचक के साथ हुई घटना का ज़िक्र करते हुए कहा कि दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्गों को भी वही अधिकार मिलने चाहिए जो समाज के अन्य वर्गों को प्राप्त हैं।

उन्होंने बिहार में व्याप्त भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी को 'संस्कृति' में तब्दील हो चुकी बुराई बताया और वादा किया कि वे इस प्रवृत्ति को खत्म करने के लिए लगातार लड़ते रहेंगे।

इस मौके पर राजद में शामिल हुए प्रमुख नेता:
रेणु कुशवाहा के साथ विजय सिंह कुशवाहा, राजीव रंजन कोईरी, राघवेंद्र सिंह कुशवाहा (पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, जन अधिकार पार्टी), मो. एहतेशामुल हक, सुरेंद्र सिंह यादव, चितरंजन कुमार, कामेश्वर सिंह कुशवाहा और वाल्मिकी ने भी पार्टी की सदस्यता ली।

रेणु कुशवाहा का राजनीतिक सफर:
रेणु कुशवाहा तीन बार विधायक और एक बार सांसद रह चुकी हैं। उन्होंने दो बार बिहार सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। 1999 में खगड़िया लोकसभा सीट से जदयू के टिकट पर चुनाव जीतते हुए उन्होंने राजद नेता आरके राणा की पत्नी नैना राणा को हराया था। हालांकि अगले चुनाव में आरके राणा ने उनसे यह सीट वापस जीत ली थी।