पहले ही मैच से पहले सहमी RCB! बेंगलुरु को लगा तगड़ा झटका, 'मैच विनर' गेंदबाज हुआ बाहर, कोच ने की पुष्टि
India News Live,Digital Desk : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के पहले ही मुकाबले से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खेमे से एक परेशान करने वाली खबर सामने आई है। बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ शनिवार, 28 मार्च को होने वाले 'महा-मुकाबले' से पहले टीम का सबसे घातक हथियार कुंद पड़ गया है। आरसीबी के मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि टीम के स्टार ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड पहले मैच के लिए फिट नहीं हैं। इस खबर ने बेंगलुरु के करोड़ों फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं।
एंडी फ्लावर का बड़ा बयान: हेजलवुड की कमी खलेगी
मैच से पूर्व आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोच एंडी फ्लावर ने बताया कि जोश हेजलवुड अभी पूरी तरह से मैच फिट नहीं हो पाए हैं। फ्लावर ने कहा, "हेजलवुड कल के मैच के लिए तैयार नहीं हैं। हम उनकी फिटनेस पर लगातार नजर रख रहे हैं और उनके जल्द वापसी करने का इंतजार कर रहे हैं।" गौरतलब है कि हेजलवुड आरसीबी के गेंदबाजी आक्रमण की रीढ़ माने जाते हैं। पिछले सीजन में बेंगलुरु को खिताब के करीब पहुंचाने में उनका बहुत बड़ा हाथ था। उनकी अनुपस्थिति में टीम का पेस अटैक काफी कमजोर नजर आ रहा है, जो हैदराबाद के विस्फोटक बल्लेबाजों के सामने चिंता का विषय है।
पिछले सीजन के 'सुपरस्टार' रहे थे हेजलवुड
आंकड़े गवाह हैं कि जोश हेजलवुड आरसीबी के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं। 2025 के सीजन में उन्होंने महज 12 पारियों में 17.54 की शानदार औसत से कुल 22 विकेट चटकाए थे। उस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 33 रन देकर 4 विकेट रहा था। वे सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर रहे थे। अब उनकी कमी को पूरा करना कप्तान और टीम मैनेजमेंट के लिए बड़ी चुनौती होगी।
सचिन की याद दिलाते हैं विराट: कोच हुए मुरीद
एक तरफ जहां गेंदबाज के बाहर होने का दुख है, वहीं विराट कोहली की फॉर्म ने कोच को गदगद कर दिया है। एंडी फ्लावर ने कोहली की तुलना महान सचिन तेंदुलकर से करते हुए कहा, "जब मैं खेलता था, तब मैं सचिन को अभ्यास करते देखता था, आज विराट को देखकर वही अहसास होता है। वे अपने खेल के शिखर पर हैं। उनकी फिटनेस और रनों के लिए भूख अविश्वसनीय है।" कोच ने आगे कहा कि नेट्स पर जिस तरह से विराट गेंद को हिट कर रहे हैं, उससे साफ है कि वे इस सीजन में कहर बरपाने के लिए तैयार हैं।