26 फरवरी को शादी करेंगे रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा? एक्ट्रेस के बयान से फिर तेज हुई चर्चाएं
India News Live,Digital Desk : पिछले काफी समय से साउथ इंडस्ट्री के चर्चित कपल रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। सोशल मीडिया से लेकर फैन क्लब तक एक ही सवाल है कि दोनों कब सात फेरे लेंगे। इसी बीच 26 फरवरी को उदयपुर में शादी की खबरों ने इन चर्चाओं को और हवा दे दी है। अब खुद रश्मिका मंदाना ने इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी है।
शादी की अफवाहों पर रश्मिका का बयान
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान रश्मिका मंदाना से विजय देवरकोंडा के साथ शादी की खबरों को लेकर सवाल किया गया। उनसे शादी की तारीख और जगह तक के बारे में पूछा गया। इस पर रश्मिका ने मुस्कुराते हुए कहा कि ये अफवाहें पिछले चार साल से चल रही हैं और लोग आज भी वही सवाल पूछ रहे हैं। बातचीत के दौरान ऐसा लगा कि वह शायद इस खबर की पुष्टि करने वाली हैं, लेकिन उन्होंने साफ किया कि वह इस विषय पर तभी बात करेंगी जब सही समय आएगा।
‘सही समय आने पर ही होगी बात’
रश्मिका ने आगे कहा कि जब इस बारे में बात करने का वक्त होगा, तब वह और विजय खुद सामने आकर सब कुछ बताएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे पर ऑफ द रिकॉर्ड बात कर सकती हैं, लेकिन कैमरे के सामने फिलहाल कुछ कहना नहीं चाहतीं। उनके इस बयान के बाद फैंस के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है।
अक्टूबर 2025 में सगाई की खबरें
गौरतलब है कि अक्टूबर 2025 में रश्मिका और विजय की टीम ने उनकी सगाई की पुष्टि की थी। इसके बाद दोनों को कई मौकों पर अंगूठियां पहने भी देखा गया, हालांकि कपल ने सार्वजनिक रूप से इस पर कोई बयान नहीं दिया। दिसंबर में एक करीबी सूत्र ने बताया था कि दोनों 26 फरवरी को उदयपुर के एक महल में शादी करने की योजना बना रहे हैं और इसके लिए एक हेरिटेज प्रॉपर्टी भी फाइनल की जा चुकी है।
शादी को रखना चाहते हैं प्राइवेट
सूत्रों के मुताबिक, रश्मिका और विजय अपनी सगाई की तरह शादी को भी बेहद निजी रखना चाहते हैं। समारोह में सिर्फ परिवार और बेहद करीबी दोस्तों के शामिल होने की संभावना है। यही वजह है कि दोनों इस पर खुलकर बात करने से बच रहे हैं।
फिल्मों से शुरू हुआ रिश्ता
रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की जोड़ी पहली बार 2018 की सुपरहिट फिल्म ‘गीता गोविंदम’ में नजर आई थी। इसके बाद 2019 में आई ‘डियर कॉमरेड’ में भी दोनों साथ दिखाई दिए। फिल्मों में उनकी केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया, जिसके बाद से ही उनके रिश्ते की चर्चा शुरू हो गई थी।
वर्कफ्रंट पर क्या कर रहे हैं दोनों
वर्कफ्रंट की बात करें तो विजय देवरकोंडा हाल ही में फिल्म ‘किंगडम’ में नजर आए थे और उनके पास ‘राउडी जनार्दन’ समेत कुछ अनटाइटल्ड प्रोजेक्ट्स पाइपलाइन में हैं। वहीं रश्मिका मंदाना भी लगातार बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनी हुई हैं।