दिल्ली-NCR में बारिश बनी मुसीबत, उड़ानों से लेकर सड़क यातायात तक सब अस्त-व्यस्त

Post

India News Live,Digital Desk : दिल्ली और एनसीआर में बुधवार को हुई झमाझम बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से पटरी से उतार दिया। गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और नोएडा जैसे इलाकों में जगह-जगह जलभराव हो गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। तेज़ बारिश के कारण सड़कों पर लंबा जाम लग गया और ऑफिस से घर लौटते समय लोगों को घंटों फंसे रहना पड़ा।

आज भी भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज भी दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। लोगों को बाहर निकलने से पहले मौसम का अपडेट लेने की सलाह दी गई है।

विमान सेवा भी रही बाधित

खराब मौसम का असर उड़ानों पर भी पड़ा। दिल्ली की ओर आने वाले छह विमानों को जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा। गोवा, भुज और कोलकाता से दिल्ली आने वाली उड़ानों को सुरक्षा के मद्देनज़र डायवर्ट कर दिया गया। देर रात तक सभी विमान जयपुर एयरपोर्ट पर खड़े रहे और मौसम के सामान्य होने का इंतज़ार करते रहे।

रेड अलर्ट से पहले ही बारिश शुरू

बुधवार शाम सात बजे मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया, लेकिन उससे पहले ही कई इलाकों में जोरदार बारिश शुरू हो चुकी थी। बारिश के साथ तेज़ हवाएं और बिजली की गड़गड़ाहट भी देखी गई, जिससे लोगों में घबराहट का माहौल बन गया।

पूरे एनसीआर में अस्त-व्यस्त हालात

दिल्ली और गुरुग्राम की मुख्य सड़कों से लेकर हाईवे तक जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। खासकर ऑफिस टाइम में तेज बारिश के चलते सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। सार्वजनिक परिवहन से लेकर निजी वाहन तक सब धीमी गति से चल रहे थे।

मध्य भारत के अन्य राज्यों में भी असर

मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

हिमाचल में मानसून ने ली 85 जानें

हिमाचल प्रदेश में मानसून इस बार तबाही लेकर आया है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, अब तक 85 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें से 54 लोगों की मौत सीधे बारिश जनित घटनाओं से हुई है जबकि 31 लोग सड़क हादसों में मारे गए। भूस्खलन, बाढ़ और बादल फटने जैसी घटनाओं ने मंडी जिले को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। 129 लोग घायल हुए हैं और 34 अब भी लापता हैं।