BREAKING:
October 29 2026 07:13 am

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में बारिश का कहर: 48 घंटों में 19 की मौत, कई घायल

Post

India News Live,Digital Desk : पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में भारी बारिश और बाढ़ ने तबाही मचा दी है। पिछले 48 घंटों में तेज बारिश और बाढ़ की चपेट में आकर कम से कम 19 लोगों की जान चली गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (PDMA) के अनुसार, स्वात, एबटाबाद, चरसद्दा, मलकंद, शांगला, लोअर दीर और तोरघर जैसे जिलों में हालात बेहद गंभीर हैं। जान गंवाने वालों में छह पुरुष, पांच महिलाएं और आठ मासूम बच्चे शामिल हैं।

स्वात जिला सबसे ज्यादा प्रभावित
अधिकारियों की मानें तो स्वात जिला इस प्राकृतिक आपदा से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। यहां 13 लोगों की जान चली गई और छह लोग घायल हो गए हैं। घायलों में तीन पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। वहीं, मूसलाधार बारिश के चलते 56 घरों को नुकसान पहुंचा है।

राहत कार्यों में जुटा प्रशासन
प्रशासन ने तुरंत हरकत में आते हुए प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचानी शुरू कर दी है। PDMA ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि वे राहत कार्यों में तेजी लाएं और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराएं।

PDMA ने यह भी चेतावनी दी है कि बारिश का यह दौर 1 जुलाई तक जारी रह सकता है। ऐसे में जिला प्रशासन को पहले ही अलर्ट कर दिया गया है और उन्हें जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।