Rahul Gandhi's big claim : ‘हरियाणा में 25 लाख फर्जी वोटर, BJP और ECI ने मिलकर बदली कांग्रेस की जीत’
India News Live,Digital Desk : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) और चुनाव आयोग (ECI) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की तयशुदा जीत को ‘वोट चोरी’ के ज़रिए हार में बदला गया। राहुल गांधी के मुताबिक उनकी टीम के पास ठोस सबूत हैं कि राज्य में करीब 25 लाख फर्जी या दोहरे वोटर मौजूद हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल ने कहा, “हमारे पास H Files हैं, जो साफ बताती हैं कि हरियाणा में चुनाव प्रक्रिया को योजनाबद्ध तरीके से प्रभावित किया गया। पहले हमें लगा कि यह कुछ सीटों का मामला है, लेकिन जांच के बाद पता चला कि यह खेल पूरे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर चल रहा है।”
‘वोट चोरी’ के पाँच तरीके बताए
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हरियाणा में पांच तरह की गड़बड़ियां हुईं—डुप्लिकेट वोटर, गलत पते, बल्क वोटिंग, फर्जी नाम और पोस्टल बैलेट में हेराफेरी। उन्होंने कहा कि यह पहली बार हुआ है जब पोस्टल वोट और असली वोट के बीच इतना बड़ा अंतर देखने को मिला।
ब्राजीलियन मॉडल का जिक्र
राहुल ने एक चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा, “एक महिला, जो दरअसल एक ब्राजीलियन मॉडल है, उसने अलग-अलग नामों—सीमा, स्वीटी, सरस्वती, रश्मि और विमला—से 10 बूथों पर 22 बार वोट डाले। आखिर यह महिला कौन है?”
‘ECI के पास सॉफ्टवेयर है, लेकिन जानबूझकर इस्तेमाल नहीं किया गया’
कांग्रेस नेता ने कहा कि चुनाव आयोग के पास ऐसा सॉफ्टवेयर है जो डुप्लिकेट वोटरों की पहचान कर सकता है, लेकिन उसे जानबूझकर नहीं चलाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि ECI ने BJP की मदद करने के लिए यह कदम उठाया।
हरियाणा सीएम पर सीधा हमला
राहुल गांधी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने गिनती से दो दिन पहले ही दावा कर दिया था कि BJP जीत जाएगी। “उन्होंने कहा था हमारा सिस्टम तैयार है। अब सवाल है—आखिर कौन-सा सिस्टम?”
राहुल ने दावा किया कि 3.5 लाख वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए, जिनमें कई ऐसे लोग हैं जो अपने घरों में रह रहे हैं। एक मतदाता सद्दाम हुसैन ने बताया कि उसका और उसकी पत्नी का नाम बिना कारण हटा दिया गया। राहुल ने कहा कि बिहार के कई मजदूरों ने भी बताया कि उनके नाम दोबारा जोड़े नहीं गए।
कांग्रेस की मांग
कांग्रेस नेता ने चुनाव आयोग से दोबारा जांच की मांग की है और कहा कि “हमारे पास हर दस्तावेज़ है, अब सच को सामने लाना सिर्फ चुनाव आयोग की ज़िम्मेदारी है।”