राहुल गांधी के फर्जी मतदान आरोप पर गरमााई सियासत, शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिया खुला समर्थन
- by Priyanka Tiwari
- 2025-08-08 15:46:00
India News Live,Digital Desk : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 2024 लोकसभा चुनाव में कर्नाटक के एक विधानसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर फर्जी मतदान के आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि मतदाता सूची में कई गंभीर अनियमितताएं हैं—कहीं मकान नंबर "0" लिखा है, तो कहीं मतदाताओं के पिता का नाम पूरी तरह से गलत दर्ज है। राहुल गांधी का कहना था कि उनके पास इस संबंध में पुख्ता सबूत हैं।
इन दावों के बाद चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर हलफनामे के साथ सबूत पेश करने को कहा। अब इस मामले में उन्हें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर का भी खुला समर्थन मिल गया है।
शशि थरूर ने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि लोकतंत्र की विश्वसनीयता का सवाल है। उन्होंने जोर देकर कहा, “हमारा लोकतंत्र इतना कीमती है कि इसे लापरवाही, अक्षमता या जानबूझकर की गई हेराफेरी से बर्बाद नहीं होने देना चाहिए। चुनाव आयोग को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए और देश को हर कदम की जानकारी देनी चाहिए।”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी राहुल गांधी के समर्थन में उतर आए। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब लोकतंत्र, संविधान और देश की रक्षा के लिए आवाज उठानी होगी। खड़गे ने आरोप लगाया कि पहले चुनाव आयोग की पूरी दुनिया में निष्पक्षता के लिए सराहना होती थी, लेकिन अब वह सत्ताधारी दल के प्रतिनिधि की तरह काम कर रहा है।