आर अश्विन कर रहे थे यूट्यूब के लिए वीडियो रिकॉर्ड, तभी उनके घर आ गई पुलिस; जानिए क्या है पूरा मामला
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन से जुड़ा एक दिलचस्प वाकया सामने आया है। अश्विन अपने घर पर भारत और श्रीलंका के बीच होने वाले टेस्ट मुकाबले से जुड़े मुद्दों को लेकर अपने यूट्यूब चैनल के लिए एक वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके घर पर पुलिस आ गई, जिसके बाद वीडियो की रिकॉर्डिंग बीच में ही रोकनी पड़ गई। यह खबर सामने आते ही फैंस के मन में यह सवाल उठने लगा कि आखिर ऐसी क्या वजह थी कि स्टार क्रिकेटर के घर अचानक पुलिस को आना पड़ा।
वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान लगातार बजते रहे फोन
घटना का जिक्र करते हुए आर अश्विन ने बताया कि वह खेल पत्रकार विमल कुमार के साथ भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज को लेकर बातचीत रिकॉर्ड कर रहे थे। रिकॉर्डिंग के दौरान ही उनके फोन पर लगातार कॉल्स आने लगे। पहले उनके घर की सिक्योरिटी गार्ड्स की तरफ से फोन आए, और फिर उनकी पत्नी का भी कॉल आया। शुरुआत में अश्विन ने व्यस्तता के कारण उन कॉल्स को नजरअंदाज कर दिया और अपनी रिकॉर्डिंग जारी रखी। हालांकि, लगातार फोन आने पर जब उन्होंने कॉल रिसीव किया, तो पता चला कि उनके घर पर पुलिस आई हुई है।
क्यों आई थी आर अश्विन के घर पुलिस?
फैंस के मन में यह उत्सुकता होना लाजिमी है कि आखिर पुलिस क्यों पहुंची थी। इसका खुलासा खुद अश्विन ने किया। दरअसल, उन्होंने किसी जरूरी वीजा के सिलसिले में अपना पासपोर्ट जमा कराया था। उसी वीजा वेरिफिकेशन के सिलसिले में पुलिसकर्मी उनके घर पासपोर्ट लेकर पहुंचे थे। खेल पत्रकार विमल कुमार ने मजाकिया अंदाज में अश्विन से यह भी पूछा कि आपने ऐसा क्या कर दिया कि पुलिस आपको ढूंढते हुए घर तक आ गई? इस पर दोनों ने हंसते हुए इस पूरी स्थिति पर चर्चा की।
'मैं एक आम इंसान की तरह जिंदगी जीना पसंद करता हूँ'
इस मजेदार बातचीत के दौरान विमल कुमार ने यह भी कहा कि आप तो देश के बड़े स्टार हैं, ऐसे पुलिस वेरिफिकेशन की औपचारिकताएं तो आमतौर पर आम लोगों के लिए होती हैं, आपका नाम देखकर ही लोग काम कर देते हैं। इसका बेहद सादगी भरा जवाब देते हुए आर अश्विन ने कहा कि वह किसी भी स्टारडम से दूर एक सामान्य और साधारण इंसान की तरह जिंदगी जीना पसंद करते हैं। यही वजह है कि वह सभी प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रियाओं को पूरी नियमतिता के साथ निभाते हैं। अश्विन का यह सहज और सरल स्वभाव उनके फैंस को हमेशा से बहुत पसंद आता है।