Putin claims : यूक्रेन हमारा हिस्सा, डर्टी बम की चेतावनी से बढ़ा तनाव
India News Live,Digital Desk : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने शुक्रवार को एक बड़ा बयान देकर पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन के लोग एक ही हैं और “पूरा यूक्रेन हमारा है।” ये बात उन्होंने सेंट पीटर्सबर्ग में आयोजित अंतरराष्ट्रीय आर्थिक मंच के दौरान कही।
पुतिन ने कहा कि उन्होंने कभी यूक्रेन की संप्रभुता पर सवाल नहीं उठाया, लेकिन 1991 में जब यूक्रेन ने खुद को आजाद देश घोषित किया था, तब उसने खुद को एक 'तटस्थ देश' बताया था। पुतिन के अनुसार, रूस इस युद्ध को अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए लड़ रहा है।
डर्टी बम को लेकर दी चेतावनी
रूस के राष्ट्रपति ने यूक्रेन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर यूक्रेन ने डर्टी बम जैसे किसी खतरनाक हथियार का इस्तेमाल करने की कोशिश की, तो उसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल ऐसा कोई सबूत नहीं है जिससे ये लगे कि यूक्रेन ऐसा कुछ करने जा रहा है।
पुतिन ने जोर देकर कहा कि रूस यूक्रेन से आत्मसमर्पण की मांग नहीं कर रहा, बल्कि वह चाहता है कि यूक्रेन युद्ध की जमीनी हकीकत को स्वीकार करे।
रूस का दावा – सुमी पर जल्द कब्जा
पुतिन ने यह भी दावा किया कि रूस की सेना जल्द ही सुमी क्षेत्र पर कब्जा कर लेगी। उन्होंने यह भी कहा कि “जहां हमारे सैनिकों का पैर पड़ता है, वो इलाका हमारा हो जाता है।”
दूसरी ओर, यूक्रेन और उसके सहयोगी देशों ने रूस के इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए बेतुका बताया है।
यूक्रेनी शहरों पर ड्रोन हमला
इस बीच, रूसी ड्रोन हमलों से यूक्रेन के दो शहरों में तबाही मच गई। इन हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने जानकारी दी कि रूस ने 20 से ज्यादा ड्रोन से हमला किया, जिसमें करीब दो दर्जन लोग जख्मी हो गए।
शांति वार्ता की उम्मीद
रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन की ओर से बताया गया कि रूस और यूक्रेन के बीच अगले दौर की शांति वार्ता को लेकर तारीख की घोषणा अगले हफ्ते की जा सकती है।