BREAKING:
July 19 2026 10:44 am

Punjab flood crisis : गांव डूबे, फसलें बर्बाद, सेना मैदान में

Post

India News Live,Digital Desk : पंजाब में आई भीषण बाढ़ से हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। अब तक 43 लोगों की जान जा चुकी है और राज्य के 23 जिलों के करीब 1900 से ज्यादा गांवों में पानी भर गया है। आंकड़ों के मुताबिक 3.84 लाख से ज्यादा लोग सीधे बाढ़ की चपेट में आए हैं। 20,972 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि 4.24 लाख एकड़ फसल पानी में डूब गई है। किसानों की मेहनत एक झटके में बर्बाद हो गई है।

राहत कार्य में जुटी NDRF और सेना

एनडीआरएफ की 31 टीमें और सेना व अर्धसैनिक बलों की 29 टीमें लगातार राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रभावित गांवों में अफसरों को तैनात किया है, ताकि लोग सीधे अपनी समस्याएं बता सकें। प्रशासन लगातार लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील कर रहा है।

पठानकोट और लुधियाना में बिगड़े हालात

पठानकोट में भूस्खलन जारी है। शाहपुरकंडी बांध के पास सड़क पर मलबा गिरने से यातायात रुक गया है। वहीं लुधियाना में सतलुज नदी का बांध टूटने से कई इलाके पानी में डूब गए हैं। कई किसानों के मवेशी भी बह गए। हालात को देखते हुए सेना और एनडीआरएफ की टीमें बांध को मजबूत करने और लोगों को सुरक्षित निकालने में लगी हैं।

मदद के लिए आगे आए संगठन

सरकारी एजेंसियों के साथ-साथ कई सिख संगठन और एनजीओ भी मदद के लिए आगे आए हैं। राज्य सरकार ने हालात को देखते हुए सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय 7 सितंबर तक बंद कर दिए हैं।

हिमाचल में बढ़ा खतरा, पंजाब में दहशत

हिमाचल में भारी बारिश से भाखड़ा बांध का जलस्तर 1679 फीट तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से सिर्फ एक फीट कम है। बीबीएमबी प्रबंधन ने बांध के चार गेट खोल दिए हैं, जिससे करीब 85,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इस वजह से सतलुज नदी किनारे के निचले इलाकों में दहशत फैल गई है।

केंद्र से मदद की मांग

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। पंजाब सरकार ने केंद्र से 2,000 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की मांग की है, साथ ही लंबित 60,000 करोड़ रुपये जारी करने का आग्रह किया है।