BREAKING:
June 28 2026 02:55 am

पुणे केतन अग्रवाल मर्डर केस: 'विग पहनता था और हकलाता भी था, इसलिए...' पुलिस के सामने टूट गई मंगेतर सिया, उगल दिए कत्ल के सारे राज

Post

पुणे/क्राइम डेस्क: पुणे के बहुचर्चित रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड (Ketan Agarwal Murder Case) में आरोपी मंगेतर सिया गोयल (Siya Goyal) पुलिस की कड़ाई के आगे आखिरकार टूट गई है. रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में सिया ने रोते हुए अपना गुनाह कबूल कर लिया और वे हैरान करने वाली वजहें बताईं, जिसके चलते उसने अपने ही मंगेतर को इतनी दर्दनाक मौत दी.

सिया ने खुलासा किया कि केतन के सिर पर बाल नहीं थे और वह 'विग' लगाता था, साथ ही वह बोलते समय 'हकलाता' भी था. इसी वजह से वह उसे बिल्कुल पसंद नहीं करती थी और अपने प्रेमी चेतन चौधरी (Chetan Choudhary) के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली.

घरवालों को नाराज नहीं करना चाहती थी सिया, इसलिए चुना मर्डर का रास्ता

पूछताछ में सिया गोयल ने कई चौंकाने वाले दावे किए हैं:

सगाई के लिए किया मजबूर: सिया और चेतन चौधरी लंबे समय से रिलेशनशिप में थे और शादी करना चाहते थे. लेकिन परिवार की मर्जी और दबाव के आगे सिया को केतन अग्रवाल से सगाई करने पर मजबूर होना पड़ा.

परिवार को पता थी हकलाने की बात: सिया ने बताया कि केतन के हकलाने की बात उसके परिवार वाले सगाई के समय से ही जानते थे, लेकिन फिर भी उन्होंने इस रिश्ते को हरी झंडी दे दी.

बदनामी और नाराजगी का डर: जब पुलिस ने पूछा कि उसने शादी से इनकार क्यों नहीं किया? तो सिया ने बताया कि वह सीधे मना करके अपने माता-पिता को नाराज नहीं करना चाहती थी और न ही समाज में परिवार की बदनामी चाहती थी. इसलिए उसने शादी से मुकरने के बजाय केतन को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का फैसला किया.

लोहागढ़ किले की 400 फीट गहरी खाई में दिया धक्का, 17 करोड़ का महल रह गया सूना

केतन अग्रवाल पुणे के एक बेहद अमीर और रसूखदार रियल एस्टेट बिजनेसमैन का बेटा था और खुद भी कंपनी में डायरेक्टर के पद पर कार्यरत था.

करोड़ों की होने वाली थी शादी: केतन के मामा ने दूर के रिश्ते से यह शादी तय करवाई थी. इसी साल फरवरी में दोनों की भव्य सगाई हुई थी और नवंबर में शादी होने वाली थी. शादी की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि केवल शादी के वेन्यू (महल) को बुक करने के लिए 17 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे.

किले से नीचे फेंका: लेकिन इस करोड़ों की शादी के मंडप में बैठने से पहले ही, सिया ने अपने प्रेमी चेतन के साथ मिलकर केतन को लोनावला के पास स्थित लोहागढ़ किले की 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर मार डाला, ताकि यह एक सामान्य ट्रेकिंग हादसा लगे.

कत्ल से एक दिन पहले कैफे में बनी थी 'मर्डर की फाइनल स्क्रिप्ट'

पुणे पुलिस की तफ्तीश में यह भी साफ हो गया है कि यह हत्या अचानक आवेश में आकर नहीं, बल्कि पूरी प्लानिंग के साथ की गई थी:

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज: हत्या से ठीक एक दिन पहले सिया और चेतन चौधरी ने पुणे के एक कैफे में मुलाकात की थी. कैफे के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों कोने की सीट पर बैठकर बेहद गुप्त तरीके से चर्चा करते नजर आ रहे हैं. पुलिस के मुताबिक, इसी मुलाकात के दौरान कत्ल की आखिरी स्क्रिप्ट लिखी गई थी और तय हुआ था कि केतन को किले के किस पॉइंट से और कैसे नीचे धक्का देना है.

एक-दूसरे पर मढ़ते रहे दोष: शुरुआत में थाने में सिया और चेतन दोनों खुद को बेकसूर बताते हुए एक-दूसरे पर हत्या का आरोप मढ़ रहे थे. लेकिन जब पुलिस ने कैफे की फुटेज और कॉल रिकॉर्ड्स सामने रखे, तो सिया टूट गई और उसने स्वीकार किया कि पूरी साजिश की मुख्य मास्टरमाइंड वही थी और चेतन सिर्फ उसकी योजना को अंजाम देने में शामिल था.