कुशीनगर में अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी, पुलिस ने बनाई विशेष रणनीति
- by Priyanka Tiwari
- 2025-08-25 16:34:00
India News Live,Digital Desk : बिहार और नेपाल से सटे कुशीनगर जिले में सक्रिय अपराधियों की पहचान कर पुलिस अब उनकी पूरी कुंडली खंगाल रही है। इसका उद्देश्य इन शातिर अपराधियों को कानून के शिकंजे में लाकर अपराध पर अंकुश लगाना है।
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि हाल ही की घटनाओं के अलावा पिछले कई वर्षों में हुई गंभीर वारदातों के पीछे भी इन्हीं अपराधियों का हाथ रहा है। इतना ही नहीं, इनका संपर्क बाहरी राज्यों और गैंग के बदमाशों से भी है, जो मौके की तलाश में यहां आकर घटनाओं को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं।
पुलिस ने बीते 5 से 10 वर्षों में सक्रिय अपराधियों को चिन्हित कर उनका पूरा रिकॉर्ड तैयार किया है। इसमें यह दर्ज है कि कौन अपराधी किस घटना में शामिल रहा, उसके खिलाफ क्या कार्रवाई हुई, वह जेल में है या बाहर जमानत पर। यहां तक कि किसने उनकी जमानत कराई और उनकी मौजूदा गतिविधियां क्या हैं, इस पर भी नजर रखी जा रही है।
हर थाने में 10-10 बड़े अपराधियों को चिन्हित किया गया है, यानी पूरे जिले में 210 अपराधियों की सूची पुलिस के पास है। इन पर पुलिस की पैनी नजर है और जल्द ही इन अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र का कहना है कि अपराध पर नकेल कसने के लिए विशेष टीम गठित की गई है। चिन्हित अपराधियों के साथ-साथ उनके संपर्क में रहने वाले लोगों पर भी नजर रखी जा रही है ताकि अपराधी अपने मंसूबों में सफल न हो सकें। बहुत जल्द ही कड़े कदम उठाकर इन अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा, जिससे जिले की कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी।