Relations in a new direction : पीएम मोदी की ऐतिहासिक घाना यात्रा
- by Priyanka Tiwari
- 2025-07-03 17:10:00

India News Live,Digital Desk : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को घाना की ऐतिहासिक यात्रा की, जो पिछले तीन दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा रही। घाना पहुंचते ही उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के साथ सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्होंने घाना की संसद को संबोधित किया और लोकतंत्र, वैश्विक सहयोग और भारत-अफ्रीका संबंधों पर अपना दृष्टिकोण साझा किया।
भारत लोकतंत्र की जननी है: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “भारत लोकतंत्र की जननी है। हमारे लिए लोकतंत्र कोई व्यवस्था नहीं, बल्कि एक संस्कार है।” उन्होंने बताया कि भारत में 2,500 से अधिक राजनीतिक दल, 22 आधिकारिक भाषाएं और हजारों बोलियाँ हैं—जो देश की विविधता और लोकतांत्रिक ताकत को दर्शाती हैं।
घाना की संसद में मिला सम्मान
पीएम मोदी ने घाना की संसद को संबोधित करते हुए कहा कि वे खुद को बेहद सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का प्रतिनिधि बनकर 140 करोड़ भारतीयों की शुभकामनाएं और सद्भावना लेकर आया हूं।” उन्होंने राष्ट्रपति जॉन महामा से राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करने पर घाना के लोगों का आभार भी व्यक्त किया।
लोकतंत्र, जलवायु संकट और वैश्विक सुधारों पर जोर
प्रधानमंत्री ने दुनिया के समक्ष खड़े जटिल संकटों जैसे जलवायु परिवर्तन, महामारी, आतंकवाद और साइबर सुरक्षा का भी ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि “पिछली सदी की वैश्विक संस्थाएं आज की चुनौतियों का समाधान देने में असफल हो रही हैं। ऐसे में, वैश्विक शासन में विश्वासयोग्य और प्रभावी सुधारों की सख्त ज़रूरत है।”
पीएम मोदी ने इस बात पर गर्व जताया कि भारत की G20 अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकी संघ को स्थायी सदस्यता दी गई, जो भारत की वैश्विक दृष्टि और दक्षिण-दक्षिण सहयोग को मजबूती देता है।