PM Modi congratulated : मोहनलाल बने दादा साहब फाल्के अवॉर्ड के नए विजेता
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-23 01:15:00
India News Live,Digital Desk : मलयालम फिल्मों के दिग्गज अभिनेता मोहनलाल को भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार दिया जाएगा। यह पुरस्कार उन्हें 23 सितंबर 2025 को होने वाले 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में प्रदान किया जाएगा।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर इस बात की पुष्टि करते हुए लिखा कि मोहनलाल की फ़िल्में पीढ़ियों को प्रेरणा देती हैं। बतौर अभिनेता, निर्देशक और निर्माता उनका योगदान भारतीय सिनेमा के लिए बेहद खास रहा है।
मोहनलाल का करियर किसी प्रेरणा से कम नहीं है। पांच राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, आठ राज्य फिल्म पुरस्कार, पद्मश्री और पद्म भूषण से सम्मानित हो चुके मोहनलाल अब तक 400 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके हैं। अब उन्हें दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है, जो उनके शानदार सफर की एक और बड़ी उपलब्धि है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मोहनलाल को इस सम्मान के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि मोहनलाल की जड़ें केरल की संस्कृति में गहराई से जुड़ी हैं। उन्होंने सिर्फ मलयालम ही नहीं, बल्कि तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी फिल्मों में भी बेहतरीन अभिनय किया है। पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि उनकी उपलब्धियाँ आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करती रहेंगी।
मोहनलाल पिछले 45 वर्षों से फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं। 1980 में करियर की शुरुआत करने वाले इस अभिनेता ने हर दशक में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है। 2001 में उन्हें पद्मश्री और 2019 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। पिछले साल यह सम्मान बॉलीवुड अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को दिया गया था। इस साल मोहनलाल के नाम यह प्रतिष्ठित पुरस्कार आना न केवल मलयालम सिनेमा बल्कि पूरे भारतीय फिल्म जगत के लिए गर्व की बात है।