एअर इंडिया विमान हादसे पर रिपोर्ट से मचा बवाल, पायलट संगठन ने उठाए गंभीर सवाल

Post

India News Live,Digital Desk : पिछले महीने अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया के विमान हादसे की शुरुआती जांच रिपोर्ट ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। इस रिपोर्ट पर एअरलाइन पायलट्स एसोसिएशन (एएलपीए) ने गहरी नाराजगी जताई है। शनिवार, 12 जुलाई 2025 को एएलपीए के अध्यक्ष सैम थॉमस ने बयान जारी कर कहा कि रिपोर्ट में बिना ठोस प्रमाणों के पायलटों को दोषी ठहराया गया है।

थॉमस ने बताया कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने पायलटों से बगैर चर्चा किए सीधे मीडिया को रिपोर्ट सौंप दी। उन्होंने कहा, "हमें यह देखकर हैरानी हुई कि इस बार भी जांच गोपनीय तरीके से हुई, और संबंधित पक्षों को नजरअंदाज किया गया।"

संगठन ने 10 जुलाई 2025 के वॉल स्ट्रीट जर्नल में छपी एक रिपोर्ट का हवाला भी दिया, जिसमें दावा किया गया कि इंजन फ्यूल कंट्रोल स्विच के अनजाने में मूवमेंट के चलते यह हादसा हुआ।

पायलट संगठन के तीखे सवाल
एएलपीए ने सवाल उठाया है कि इतनी संवेदनशील और महत्वपूर्ण जानकारी आखिरकार प्रेस तक कैसे पहुंची। संगठन ने कहा, “यह चौंकाने वाली बात है कि बिना किसी अधिकृत हस्ताक्षर के इतनी अहम रिपोर्ट मीडिया को लीक कर दी गई। हम एक बार फिर सरकार और जिम्मेदार एजेंसियों से मांग करते हैं कि आगे की जांच में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और हमें एक पर्यवेक्षक के रूप में जांच में शामिल किया जाए।”

AAIB की कार्यशैली पर उठी उंगलियां
संगठन ने AAIB की कार्यशैली पर सीधा सवाल खड़ा करते हुए कहा कि बिना अधिकारिक सहमति के रिपोर्ट जारी करना बेहद गंभीर विषय है और इससे न केवल पारदर्शिता पर सवाल उठता है, बल्कि निष्पक्षता पर भी। एएलपीए ने मांग की कि जांच प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए उन्हें भी निरीक्षण की अनुमति दी जाए।