पहली बर्फबारी से बदली मसूरी की तस्वीर, वीकेंड पर 90% होटल फुल; बाजारों में लौटी रौनक
India News Live,Digital Desk : साल की पहली बर्फबारी ने पर्यटन नगरी मसूरी की फिजा ही बदल दी है। शुक्रवार को हुई हिमपात के बाद शनिवार को पहाड़ों की रानी में पर्यटकों का ऐसा सैलाब उमड़ा कि लंबे समय से सुस्त पड़े होटल, बाजार और पर्यटन कारोबार फिर से गुलजार हो गए। बर्फ से ढकी वादियों का दीदार करने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से सैलानी मसूरी पहुंचते रहे।
होटलों में 80-90 प्रतिशत तक पहुंची ऑक्यूपेंसी
शनिवार शाम तक मसूरी के होटलों में पर्यटकों की ऑक्यूपेंसी 80 से 90 प्रतिशत तक पहुंच गई। होटल व्यवसायियों का कहना है कि रविवार और 26 जनवरी की छुट्टी को देखते हुए कई होटलों में शत-प्रतिशत बुकिंग की स्थिति बन सकती है। पहली बर्फबारी ने शीतकालीन पर्यटन को नई ऊर्जा दे दी है।
दिल्ली-दून समेत कई राज्यों से पहुंचे सैलानी
बर्फबारी की खबर मिलते ही देहरादून, दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक परिवारों के साथ मसूरी पहुंचे। शनिवार सुबह से ही मसूरी-देहरादून मार्ग पर वाहनों की कतारें लगनी शुरू हो गईं और दिन चढ़ने के साथ भीड़ और बढ़ती गई।
इन इलाकों में दिनभर लगा जाम
पर्यटकों की भारी आमद के चलते बैली ब्रिज, जेपी बैंड, किंक्रेग, गांधी चौक, कैम्पटी रोड जीरो प्वाइंट, माल रोड और लंढौर मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। किंक्रेग स्थित पेट्रोल पंपों पर दुपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे कई बार यातायात व्यवस्था बेकाबू नजर आई।
बर्फ के दीदार के लिए बदले रूट
माल रोड क्षेत्र में बर्फ जल्दी पिघलने के कारण पर्यटकों का रुख अटल उद्यान, जॉर्ज एवरेस्ट, कैमल्स बैक रोड, चार दुकान और लाल टिब्बा की ओर ज्यादा रहा। सबसे अधिक भीड़ धनोल्टी और बुरांश खंडा क्षेत्र में देखने को मिली, जहां बर्फ की मोटी परत जमी हुई थी।
बुरांश खंडा में पैदल चलने को मजबूर हुए पर्यटक
बुरांश खंडा में अधिक बर्फ होने के चलते दोपहर तक वाहनों को लगभग चार किलोमीटर पहले ही रोकना पड़ा। पर्यटकों को पैदल ही आगे बढ़ना पड़ा। बाद में प्रशासन ने जेसीबी मशीन से सड़क साफ कराई, तब जाकर वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी, हालांकि देर रात तक जाम बना रहा।
पर्यटन कारोबार को मिली संजीवनी
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के अनुसार, लंबे समय से मसूरी में पर्यटकों की कमी महसूस की जा रही थी, लेकिन पहली बर्फबारी ने पर्यटन कारोबार को संजीवनी दे दी है। वीकेंड और गणतंत्र दिवस की छुट्टी के कारण होटल लगभग फुल हो चुके हैं।
बाजारों में जमकर हुई खरीदारी
पर्यटकों की बढ़ती भीड़ से बाजारों में भी रौनक लौट आई। गर्म कपड़ों, स्वेटर, जैकेट, मफलर और शाल की जमकर खरीदारी हुई। इसके साथ ही काफी शॉप, मैगी प्वाइंट, रेस्टोरेंट और आमलेट सेंटरों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही।
जाम बना सबसे बड़ी चुनौती
पर्यटन कारोबारियों के चेहरे भले ही खिले हों, लेकिन यातायात जाम एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आया। होटल एसोसिएशन के सचिव अजय भार्गव का कहना है कि बर्फबारी से शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा मिला है, लेकिन जाम के कारण पर्यटकों को काफी परेशानी भी उठानी पड़ी। अतिरिक्त पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था के बावजूद कई इलाकों में देर तक जाम की स्थिति बनी रही।