कारागार विभाग में फार्मासिस्ट भर्ती नौ साल बाद पूरी, नियुक्ति पत्र अभी तक रुके
- by Priyanka Tiwari
- 2025-08-08 17:00:00
India News Live,Digital Desk : उत्तर प्रदेश के कारागार विभाग में फार्मासिस्ट (कंपाउंडर) पदों पर भर्ती की प्रक्रिया लगभग नौ साल तक अटकी रही। यह भर्ती यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) के तहत हुई है।
इस भर्ती का विज्ञापन नवंबर 2016 में जारी किया गया था, लेकिन इसके बाद कई सालों तक इसमें कोई खास प्रगति नहीं हुई। मार्च 2023 में लिखित परीक्षा हुई, जबकि मार्च 2024 में परिणाम घोषित किया गया। इसके बाद अप्रैल 2024 में दस्तावेज सत्यापन हुआ और आखिरकार तीन जून 2025 को अंतिम चयन सूची जारी हुई। इस सूची में कुल 68 अभ्यर्थी शामिल हैं, जिनमें 13 महिलाएं और 55 पुरुष हैं।
हालांकि, नियुक्ति पत्र जारी करने में अब तक देरी बनी हुई है। इस बीच इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में 26 जून 2025 को एक याचिका दायर की गई, जिसमें मेडिकल फैकल्टी के डी-फार्मा धारकों को भर्ती में प्राथमिकता देने की मांग की गई है। कोर्ट ने इस याचिका पर फिलहाल कोई स्थगन आदेश नहीं दिया है, लेकिन बावजूद इसके विभाग से नियुक्ति पत्र जारी नहीं हुए हैं।
यूपीएसएसएससी का कहना है कि नियुक्ति पत्र जारी करने का निर्णय कारागार विभाग का है। आयोग में चार अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र जांच और सुनवाई की तारीख 26 अगस्त तय हुई है।