BREAKING:
July 28 2026 02:00 pm

दुबई में अर्चना पूरन सिंह के साथ हुआ ऑनलाइन फ्रॉड, बोलीं- ऐसे सख्त देश में ऐसा धोखा उम्मीद नहीं थी

Post

India News Live,Digital Desk : टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में जानी-मानी हस्ती अर्चना पूरन सिंह इन दिनों 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' की वजह से फिर सुर्खियों में हैं। अपनी चुलबुली हंसी और मजेदार अंदाज से लोगों को गुदगुदाने वाली अर्चना अक्सर अपनी फैमिली के साथ विदेश ट्रिप पर जाती रहती हैं। हाल ही में उन्होंने अपने व्लॉग के जरिए एक चौंकाने वाला अनुभव शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि दुबई में उनके साथ धोखाधड़ी हुई है।

दरअसल, अर्चना अपने पति परमीत सेठी और दोनों बेटों के साथ छुट्टियां मनाने दुबई गई थीं। वहां उन्होंने मशहूर "आईफ्लाई दुबई" में इनडोर स्काइडाइविंग का प्लान बनाया और वेबसाइट के जरिए तीन स्लॉट्स की बुकिंग भी कर दी। लेकिन जब वे अपने परिवार के साथ वहां पहुंचे, तो काउंटर पर मौजूद कर्मचारी ने साफ कह दिया कि उनके नाम कोई बुकिंग नहीं है।

“हमने पेमेंट कर दिया, लेकिन टिकट ही नहीं मिली”

अर्चना ने अपने व्लॉग में बताया, "हमने पहले से पैसे दे दिए थे और टिकट कोई सस्ती भी नहीं थीं। जब काउंटर पर महिला ने कहा कि हमारे नाम पर कोई बुकिंग नहीं है, तो मुझे समझ आ गया कि कुछ गड़बड़ है। जिस वेबसाइट से हमने पेमेंट किया था, वो असली नहीं थी। यह मेरे लिए बेहद चौंकाने वाला अनुभव था।"

उन्होंने यह भी कहा कि दुबई जैसे कड़े नियम-कानून वाले देश में इस तरह की धोखाधड़ी की उम्मीद उन्हें बिल्कुल नहीं थी। "वहां कानून इतने सख्त हैं कि लोग फ्रॉड करने से डरते हैं, लेकिन फिर भी ऐसा हुआ," उन्होंने कहा।

परमीत और बेटे आर्यमान की प्रतिक्रिया

परमीत सेठी ने इस मौके पर अपने अंदाज में कहा, "पता चले यहीं घोटाला है।" वहीं उनके बेटे आर्यमान ने बताया, "जब मैंने टिकट बुक की तो चार मिनट का पैकेज सेलेक्ट किया था, लेकिन अचानक वो दो मिनट का दिखाने लगा। मुझे तभी थोड़ा शक हुआ था। अब उस वेबसाइट को ढूंढ़ना भी नामुमकिन हो गया है।"

इस पूरे अनुभव ने अर्चना और उनके परिवार को हिला कर रख दिया। उन्होंने अपने फैंस को आगाह करते हुए कहा कि विदेश यात्रा के दौरान ऑनलाइन बुकिंग करते समय सतर्क रहना बेहद जरूरी है।