अब कोच की भूमिका में नजर आएंगे वरुण एरोन, SRH ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
- by Priyanka Tiwari
- 2025-07-14 17:48:00
India News Live,Digital Desk : भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में चल रही टेस्ट सीरीज़ के दौरान एक बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय तेज़ गेंदबाज़ वरुण एरोन को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम सनराइजर्स हैदराबाद ने अपना नया गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। इस बात की जानकारी फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर दी।
सनराइजर्स हैदराबाद ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा,
"हमारे कोचिंग स्टाफ में शानदार जुड़ाव! वरुण एरोन का बॉलिंग कोच के रूप में स्वागत करते हैं।"
वरुण एरोन का अंतरराष्ट्रीय सफर
वरुण एरोन ने नवंबर 2011 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था। उन्होंने भारत के लिए 9 टेस्ट और 9 वनडे मैच खेले हैं। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 14 पारियों में 18 विकेट झटके। इस दौरान उनकी गेंदबाजी औसत 52.61 रही, जबकि इकोनॉमी 4.77 की थी। उनका टेस्ट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3 विकेट के बदले 97 रन रहा।
वनडे क्रिकेट की बात करें तो वरुण ने अक्टूबर 2011 में डेब्यू किया था। इस फॉर्मेट में उन्होंने 9 मैचों में 11 विकेट हासिल किए, जिसमें उनका बेस्ट प्रदर्शन 3/24 का रहा। उनकी इकोनॉमी रेट 6.61 और औसत 38.09 रही।
आईपीएल में लंबा अनुभव
वरुण एरोन का IPL करियर भी खासा दिलचस्प रहा है। उन्होंने इस टी-20 लीग में 2011 से 2022 तक हिस्सा लिया और 52 मैचों में 44 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उनकी गेंदबाजी औसत 33.66 और इकोनॉमी 8.94 रही। वह दिल्ली डेयरडेविल्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, किंग्स इलेवन पंजाब, राजस्थान रॉयल्स और आखिरी बार गुजरात टाइटंस की टीम का हिस्सा रहे।
अब देखना होगा कि कोच के तौर पर वरुण एरोन का यह नया सफर SRH की गेंदबाजी यूनिट को कितनी मजबूती देता है।