'क्या स्लीवलेस पहनना ठीक है?' कंगना रनौत को अब तैयार होने में भी लगता है डर; राजनीति में आते ही बदल गई जिंदगी

Post

मुंबई: सिल्वर स्क्रीन पर अपनी बेबाकी और बोल्ड अंदाज के लिए मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत की पब्लिक इमेज एक ऐसी महिला की है जो किसी से नहीं डरतीं। लेकिन क्या आप सोच सकते हैं कि कंगना रनौत को भी किसी चीज से डर या 'सेल्फ डाउट' (खुद पर शक) हो सकता है? हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान कंगना ने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा चौंकाने वाला खुलासा किया है, जिससे हर कोई हैरान है। कंगना ने बताया कि जबसे वह राजनीति के मैदान में उतरी हैं, उन्हें अपनी रोजमर्रा की बहुत छोटी-छोटी चीजों को लेकर भी डर और संकोच का सामना करना पड़ता है।

जब कंगना को घेर लेता है 'सेल्फ डाउट'

एक मीडिया चैनल से बातचीत के दौरान जब कंगना रनौत से पूछा गया कि क्या इतनी बहादुरी से अपनी बात रखने के अलावा भी कोई ऐसी चीज है जिससे उन्हें डर लगता हो? इस पर कंगना ने बेहद ईमानदारी से जवाब देते हुए कहा, "ऐसा जरूरी नहीं है कि डर हमेशा किसी बहुत बड़ी चीज का ही हो। आपको किसी भी छोटी बात से डर लग सकता है। जैसे- क्या मैं इस काम के लिए वाकई अच्छी हूं? खासकर एक राजनेता (Politician) के तौर पर मेरे इस नए सफर में, मुझे हमेशा सोचना पड़ता है कि जनता के बीच जाने का सही तरीका क्या होना चाहिए।"

स्लीवलेस कपड़ों और लुक को लेकर सताती है चिंता

कंगना ने अपनी दुविधा को साझा करते हुए आगे कहा, "अब राजनीति में आने के बाद मेरे मन में अक्सर यह सवाल आता है कि क्या मैं बहुत ज्यादा किसी एक्ट्रेस जैसी दिख रही हूं? क्या मैं कुछ ज्यादा ही तैयार हो गई हूं? अगर मैं किसी राजनीतिक या सार्वजनिक कार्यक्रम में स्लीवलेस कपड़े पहनूं, तो क्या वह ठीक लगेगा? क्या मैं खुद को अच्छी तरह पेश कर पा रही हूं? नए प्रोफेशन में आने के बाद रोज सुबह ऐसे कई डाउट्स मन में आते हैं।" कंगना का मानना है कि जब आप किसी बिल्कुल नए क्षेत्र में कदम रखते हैं, तो लगातार रहने वाला कोई एक बड़ा डर नहीं, बल्कि रोजमर्रा के ये छोटे-छोटे डाउट्स ही आपकी परीक्षा लेते हैं।

सोशल मीडिया के 'दिखावे वाले प्यार' पर कंगना की दो टूक

हाल ही में अपनी फिल्म के प्रमोशन के दौरान कंगना ने युवाओं को शादी और प्यार को लेकर भी एक खास सलाह दी थी। उन्होंने कहा था कि आज की पीढ़ी को सोशल मीडिया के दिखावे और चोचलों से दूर रहना चाहिए। कंगना के मुताबिक, "इंटरनेट पर घुटनों के बल बैठकर प्रपोज करने वाले ट्रेंड्स और दिखावे पर मत जाइए। अपनी जिंदगी के असली और सच्चे प्यार को पहचानिए, भले ही सामने वाले इंसान में सौ कमियां क्यों न हों।"

12 जून को रिलीज हो रही है 'भारत भाग्य विधाता'

वर्कफ्रंट की बात करें तो कंगना रनौत इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' के जोरदार प्रमोशन में व्यस्त हैं, जो इसी हफ्ते 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह फिल्म 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के दौरान कामा अस्पताल में घटी सच्ची और दर्दनाक घटनाओं से प्रेरित है। फिल्म में कंगना एक जांबाज नर्स का मुख्य किरदार निभा रही हैं, जिसने अपनी जान की परवाह न करते हुए आतंकियों के सामने डटकर मरीजों की हिफाजत की थी। इस फिल्म के जरिए कंगना एक बार फिर पर्दे पर देश की असली वीरांगनाओं की कहानी जीवंत करने जा रही हैं।